भारतीय शेयर बाजार में तेजी के साथ कारोबार शुरू, सरकारी बैंकों में मजबूत खरीदारी
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार बुधवार के कारोबारी सत्र में तेजी के साथ खुला। सुबह 9:23 पर सेंसेक्स 188 अंक या 0.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 84,868 और निफ्टी 61 अंक या 0.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,921 पर था। शुरुआती सत्र में बाजार में तेजी का नेतृत्व सरकारी बैंक कर रहे थे। निफ्टी पीएसयू बैंक एक प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहा था। इसके अलावा ऑटो, आईटी, मेटल, एनर्जी, इन्फ्रा और पीएसई हरे निशान में थे। एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और मीडिया लाल निशान में थे।
टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक, सोल और जकार्ता हरे निशान में थे। अमेरिकी शेयर बाजार मिलेजुले बंद हुए थे। डाओ जोन्स 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ और नैस्डेक 0.23 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ था। कमोडिटी मार्केट में तेजी देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,351 डॉलर प्रति औंस और चांदी 4.20 प्रतिशत की तेजी के साथ 66.015 डॉलर प्रति औंस पर थी। कीमती धातुओं के साथ डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 55.82 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 1.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 59.61 डॉलर प्रति बैरल पर था।
