Monday, February 24, 2025

मुख्यमंत्री योगी का कर्नाटक में हुआ रोड शो, बोले- कर्नाटक में ही राम जी को मिले थे बजरंगबली !

मांड्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को विधानसभा चुनाव का प्रचार करने के लिए कर्नाटक पहुंचे। भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में उन्होंने रोड शो और सभाएं कर जनता से समर्थन मांगा। उनके रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी।

मुख्यमंत्री योगी ने मांड्या की एक जनसभा में कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती से यहां आकर मैं आप सबका अभिनंदन करता हूं। उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का संबंध त्रेतायुग से है। भगवान राम के वनवास के समय उन्हें बजरंगबली यहीं कर्नाटक में मिले थे। यह अभिन्न मित्रता है। यह भक्त और स्वामी का संबंध है। यह संबंधों की व्यवस्था वहीं से है। इसीलिए मेरी आत्मीयता यहां से रहती है।

उन्होंने कहा कि मांड्या कुंभ का आयोजन यहीं हुआ था। मुझे आना था लेकिन उप्रं में बाढ़ की स्थिति की वजह से नहीं आ सका। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को साकार करने वाला था। आज दुनिया में भारत का नागरिक कहीं भी जाता है, सम्मान पाता है। आजादी के अमृतकाल में भारत दुनिया के 20 बड़े राष्ट्रों की अध्यक्षता जी-20 के माध्यम से कर रहा है।

योगी ने कहा कि कांग्रेस विकास की बात करती है। उनका प्रोजेक्ट पंचवर्षीय योजना के आधार पर बनता था। योजना कभी नहीं पूरी होती थी। आज प्रधानमंत्री मोदी अगर कोई शिलान्यास करते हैं तो उद्घाटन की तारीख तय हो जाती है। वही उद्घाटन भी करते हैं।

उन्होंने कहा कि यहां के किसान एक समय बदहाल थे। आत्महत्या करने को मजबूर थे। आज किसानों को प्रधानमंत्री मोदी से सम्मान मिल रहा है। मुझे लोग पूछते हैं कि उत्तर प्रदेश में आपको सम्मान क्यों मिलता है। मैं यही कहता हूं कि वहां डबल इंजन की सरकार काम कर रही है। आज उत्तर प्रदेश में नो कर्फ्यू, नो दंगा, वहां सब है चंगा। यह डबल इंजन की सरकार ही है जिसने कर्नाटक में पीएफआई जैसे संगठन पर बैन लगा दिया। आप यहां पर डबल इंजन की सरकार फिर से लाइये।

अयोध्या आने का न्योता

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, मैं आपको आमंत्रित करने आया हूं। अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर निर्माण हो रहा है। आपने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में योगदान दिया था। जनवरी 2024 में मंदिर निर्माण कार्य पूरा हो चुका होगा। रामलला 500 वर्ष बाद पहली बार अपने मंदिर में विराजमान होंगे। हर भारतवासी के लिए यह गौरव की बात होगी। मैं आज यहां आप सभी बजरंगबली के अनुयाइयों को आमंत्रित करने आया हूं। रामलला के मंदिर में मैं आपके स्वागत की तैयारी कर रहा हूं। आप आइये, कर्नाटक सरकार ने कहा था कि अयोध्या में उन्हे गेस्ट हाऊस बनाना है। हमने कर्नाटक में गेस्ट हाऊस के लिए जमीन आवंटित कर दी है।

- Advertisement -

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

Related Articles

STAY CONNECTED

74,854FansLike
5,486FollowersFollow
143,143SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय