नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित एक फार्म हाउस में आयोजित पार्टी में बीती रात को दो पक्षों में जमीन के विवाद को लेकर आपस में मारपीट व फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एक उप निरीक्षक ने थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज करवाया है।
मारपीट करने वाले दोनों पक्ष आपस में भाई है। दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ। इस मामले में थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 6 गाडियों को सीज किया गया है। फायरिंग के संबंध में पुलिस द्वारा गहनता से जॉच की जा रही है।
थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि उपनिरीक्षक पंकज कुमार ने थाने में सूचना दर्ज कराई है कि 20 अप्रैल को वह रात गस्त पर थे। उन्हें पता चला कि स्पॉट लैंड फॉर्म हाउस सेक्टर-151 में दो पक्षों में मारपीट हो रही है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि 80-90 लोग एक दूसरे के साथ गाली गलौज कर मारपीट कर रहे हैं। यह लोग धारदार हथियार से एक दूसरे पर प्रहार कर रहे हैं, और फायरिंग कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस को देखकर ये लोग एक दूसरे को जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में उप निरीक्षक ने थाने में भरत शर्मा, स्वरुप शर्मा, मनोज कौशिक, अर्जुन तोमर, अशोक सिंह, सुरेश सिंह, रामकिशन, नीरज शर्मा, कुशल राठी, गौरव राठी, विजय अत्री, सतीश कुमार, नरेंद्र कुमार, यशपाल, राजेश कुमार, श्याम, कृष्ण, विनीत, रोहन, आशीष तथा 60-70 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि थाना नॉलेज पार्क क्षेत्रान्तर्गत स्पोर्ट लैण्ड फार्म हाउस सेक्टर-151 नोएडा में इक्नोन कम्पनी के पास करीब 300 बीघा जमीन है। जिसमें भारत शर्मा पुत्र सतस्वरूप शर्मा निवासी पतपडगंज थाना मयूर विहार फेस-1 दिल्ली का शेयर 18 प्रतिशत है व नीरज शर्मा पुत्र सतस्वरूप शर्मा निवासी पतपडगंज थाना मयूर विहार फेस-1 दिल्ली का शेयर 77 प्रतिशत है, भारत व नीरज दोनों सगे भाई है। कुशल राठी पुत्र स्व. रविन्द्र पाल सिंह राठी निवासी आनन्दा एल्डिको सेक्टर-48 नोएडा का शेयर 5 प्रतिशत है।
इसके अलावा भारत शर्मा नाइन ओ नाइन कम्पनी के डायरेक्टर भी है, जिनकी स्पोर्ट लैण्ड़ फार्म हाउस के अन्दर करीब 100 बीघा से अधिक जमीन है। उक्त प्रकरण के सम्बन्ध में न्यायालय सिविल जज (सीनियर डिवीजन) गौतमबुद्धनगर के न्यायालय में सिविल वाद विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि उक्त जमीन के विवाद को लेकर रात में दोनों भाईयों में विवाद हुआ।