Thursday, July 4, 2024

मुजफ्फरनगर में जिया चौधरी बने सपा के नए जिलाध्यक्ष, जयवीर को मेरठ में फिर कमान, शामली में अशोक चौधरी नियुक्त

मेरठ/ मुज़फ़्फ़रनगर- निकाय चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने कई जिलों में अध्यक्षों की तैनाती की है। मेरठ में जयवीर सिंह को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इसी तरह से मुजफ्फरनगर में जिया चौधरी की जिलाध्यक्ष पद पर ताजपोशी की गई है।

लंबे समय से समाजवादी पार्टी के कई जिलों में अध्यक्ष पद खाली चल रहे थे। शुक्रवार को सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने 21 जिलों में नए अध्यक्षों की घोषणा की। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में जगदेव सिंह जग्गा, मेरठ जिले में जयवीर सिंह, मुजफ्फरनगर जिले में जिया चौधरी, नोएडा महानगर में आश्रय गुप्ता और शामली में अशोक चौधरी को अध्यक्ष बनाया गया है।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

मेरठ में जयवीर सिंह पर पार्टी आलाकमान ने लंबे समय बाद फिर से भरोसा जताया है। वे पहले 10 साल तक सपा जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही जिला सहकारी बैंक मेरठ-बागपत के चेयरमैन का पद संभाल चुके हैं। वे पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर और पूर्व राष्ट्रीय सचिव डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के करीबी रह चुके है।

इसके बाद जयवीर सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से नजदीकी बढ़ा ली थी। वह भाजपा में भी सियासी संभावनाएं तलाश रहे थे। 25 फरवरी 2018 को मेरठ में हुए संघ के राष्ट्रोदय समागम में भी जयवीर सिंह पूर्ण गणवेश धारण करके शामिल हुए थे। इसके बाद जयवीर सिंह को सपा से छह वर्ष के लिए निकाल दिया गया था । लंबे समय तक सियासी बियाबान में भटकने के बाद जयवीर सिंह ने फिर से सपा ज्वाइन कर ली थी। अब काफी समय बाद अखिलेश यादव ने फिर से जयवीर सिंह पर भरोसा जताकर जिलाध्यक्ष बनाया है।

मुज़फ्फरनगर में समाजवादी पार्टी हाईकमान ने जिया चौधरी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए जिलाध्यक्ष बनाया है। इससे पहले वह सपा के जिला महासचिव समेत अनेक पदों पर काम कर चुके हैं। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की संस्तुति के पश्चात जिया चौधरी को समाजवादी पार्टी का मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया है। उनकी नियुक्ति से उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। जिया चौधरी ने हाईकमान का आभार जताया है।

सपा हाईकमान ने जयवीर सिंह को मेरठ का जिलाध्यक्ष बनाया है। इसी प्रकार अशोक चौधरी को शामली का जिलाध्यक्ष बनाया है। आश्रय गुप्ता नोएडा महानगर के अध्यक्ष होंगे। लालजी यादव को सिद्धार्थनगर, सर्वजीत सिंह श्रावस्ती, हाफिज अयाज को बाराबंकी, रघुवीर यादव को सुल्तानपुर,  वीरे यादव को हरदोई व जगदेव सिंह जग्गा को पीलीभीत का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। आगरा महानगर अध्यक्ष चाधरी वाजिद निसार, फिरोजाबाद जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह एडवोकेट व महासचिव मीना राजपूत, महानगर अध्यक्ष राजू जर्रार व महासचिव कमलेश यादव, अलीगढ जिलाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी धनगर, मथुरा जिलाध्यक्ष डा. अजीत सिंह व जिला महासचिव रणवीर सिंह धनगर, फर्रुखाबाद जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह, कौशांबी जिलाध्यक्ष दयाशंकर सिंह, चंदौली जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, भदौही जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव व जिला महासचिव ह्दय नारायण प्रजापति, झांसी महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम खां, देवरिया जिलाध्यक्ष व्यासजी यादव को बनाया है।

सपा हाईकमान द्वारा मुजफ़्फरनगर का जिलाध्यक्ष जैसे ही जिया चौधरी को बनाने का समाचार सपाइयों को लगा, तो उनके समर्थक खुशी से झूम उठे और चरथावल में उनके समर्थकों ने इकठ्ठा होकर मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,098FansLike
5,351FollowersFollow
64,950SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय