Sunday, October 6, 2024

संकटग्रस्त पादप ‘फोग’ के संरक्षण की जरूरत!

राजस्थान में प्रसिद्ध तथा वर्तमान में लुप्तप्राय वनस्पति ‘फोग’ के बारे में आजकल की युवा पीढ़ी शायद ही ‘फोग’ झाड़ी के बारे में जानती होगी। इस वनस्पति के बारे में राजस्थान में कहा जाता है कि -‘फोगला को रायतो, काचरी को साग, बाजरी की रोटी, जाग्या म्हारा भाग।’ मतलब यह है कि फोग वनस्पति का रायता, काचरी की सब्जी और बाजरा की रोटी भाग्यवान मतलब नसीब वाले व्यक्ति को ही मिलती है। आज बुज़ुर्ग ही राजस्थान के मेवा कहलाने वाले ‘फोग’ के विषय में जानते हैं, युवा पीढ़ी इस वनस्पति व इसके गुणों से अपरिचित है। यहां पाठकों को जानकारी देना चाहूंगा कि जाटों की एक प्रमुख गोत्र का नाम फोगाट है जो संभवत: नागवंशियों की संतान हैं जो फोग को अपना प्रतीक चिन्ह मानते थे। फोगाट जाट हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में पाए जाते हैं। कहना ग़लत नहीं होगा कि ‘फोग’ मरू क्षेत्र का या यूं कहें कि राजस्थान का मेवा कहलाता है, लेकिन आज झाड़ी या छोटे वृक्षनुमा ‘फोग हमारे यहां’ बहुत ही कम रह गये हैं। जानकारी देना चाहूंगा कि फोग थार के रेगिस्तान में भारत और पाकिस्तान में मुख्य रूप से पाया जाता है। फोग थार रेगिस्तान के अतिरिक्त उत्तरी अमेरिका, पश्चिमी एशिया, उत्तरी अफ्रीका एवं दक्षिणी यूरोप आदि स्थानों पर भी पाया जाता है।  फोग को स्थानीय लोग इसे ‘फोगड़ा’ कहते हैं और वनस्पति विज्ञान की भाषा में इसे केलिगोनम पॉलीगोनोइडिस के नाम से जाना जाता हैं। आज दूर-दराज के क्षेत्रों में यह पौधा देखने तक को नसीब नहीं होता या कम देखने को मिलता है। वैसे राजस्थान के बाड़मेर के बायतु क्षेत्र में, जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर आदि क्षेत्रों में फोग वनस्पति कहीं कहीं देखने को मिल जाती है। जैसलमेर के नाचना क्षेत्र में इसकी झाडिय़ां विशेष रूप से पाई जाती हैं। जानकारी देना चाहूंगा कि 60-70 के दशक में ये अच्छी संख्या में मौजूद थे। यह बहुत ही चिंताजनक है कि आज फोग आईयूसीएन की रेड डेटा बुक के संकटग्रस्त पादप की सूची में शामिल है। ईंधन एवं कोयले के लिए इसकी जड़ों के अत्यधिक दोहन के कारण आज थार रेगिस्तान में फोग की मात्रा लगातार घट चुकी है। फोग की लकड़ी की यह विशेषता होती है कि इसकी लकड़ी आग बहुत जल्दी पकड़ लेती है। यहां तक कि गीली होने की स्थिति में भी यह आग जल्दी पकड़ लेती है, फोग के कम होने का कारण इसका जल्दी आग पकडऩा भी है। इसीलिए फोग पर राजस्थान में कहावत भी बनी है। कहां गया है कि -‘फोग आलो ई बळै, सासू सूदी ई लड़ै।’ मतलब यह है कि जिस प्रकार फोग की लकड़ी गीली होने पर भी आग पकड़ लेती है, उसी प्रकार सास सीधी हो तब भी अधिकारपूर्वक बहू को फटकार लगा ही देती है। सिट्टा यह है कि मौका मिलने पर असली स्वभाव उजागर हो ही जाता है। यह बहुत ही चिंताजनक है कि थार में अब बहुत कम फोग झाडिय़ां देखने को मिलतीं हैं। जानकारी देना चाहूंगा कि राजस्थान में स्थानीय भाषा में फोग को फोगाली, फोक तथा तूरनी आदि नामों से जाना जाता है। वास्तव में फोग पोलिगोनेएसी कुल का सदस्य है। यह सफेद व काली रंग की एक झाड़ी होती है, जिसमें अनेक शाखाएं होती है। यह अत्यंत शुष्क एवं ओस दोनों परिस्थितियों में जीवित रह सकने वाला पौधा है। इसमें उच्च पोषण क्षमता वाले अनेक पोषण तत्व पाए जाते हैं जो हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभदायक होते हैं। यदि हम फोग के पोषक तत्वों की बात करें तो फोग में करीबन 18त्न प्रोटीन, 71.1त्न कार्बोहाईड्रेट, 9.1त्न रेशे, अल्प मात्रा में वसा, . 7 मिलीग्राम/100 ग्राम विटामिन- बी-2 670 मिलीग्राम /100 ग्राम कैल्शियम, 420 मिलीग्राम/100 ग्राम फॉस्फोरस तथा 12.7 मिलीग्राम/100 ग्राम आयरन पाया जाता है। इसकी जड़ों, फूलों, कलियों तथा बीजों में फ़्लवोनोइडस, एल्केलोईडस, टेनिन, स्टेरॉयड, फिनॉल्स, टेर्पेनोईडस आदि पाए जाते हैं तथा कलियों में एथिल होमोवनिलेट (11.79त्न) नामक वसीय तेल तथा जड़ों में ड्रीमेनोल (29.42त्न) नामक वसीय तेल पाया जाता है। जानकारी देना चाहूंगा कि फोग के फलों और इसके फूलों में 18त्न प्रोटीन एवं 71 त्न से अधिक कार्बोहाइड्रेट की मात्रा पाई जाती है, जो ऊर्जा का प्रमुख स्रोत है। फोग का पौधा अत्यंत सूखे और पाले दोनों ही परिस्थितियों में जीवित रह सकता है, और इसकी यही खासियत ही इससे थार के अनुकूल भी बनाती है। इसकी(फोग) तासीर ठंडी होती है और यदि किसी व्यक्ति को ‘लू’ लग जाए तो इसकी पत्तियों का रस निकालकर लू लगने व्यक्ति को पिलाने से वह तत्काल ठीक हो जाता है। इसकी पत्तियों का रस विष प्रतिरोधक माना जाता है। इसकी फलियों से निकलने वाले बीज की रोटी भी बनाई जा सकती है। इतना ही नहीं, फोग की पत्तियां मिट्टी की उर्वरता को भी बढ़ाती हैं। रेगिस्तान की विषम परिस्थितियों में उगकर यह उस क्षेत्र के पर्यावरणीय संतुलन में अहम भूमिका निभाता है। वैसे इसके पत्तियां नहीं होती हैं और टहनी ही इसकी पत्तियां कहलातीं हैं। चैत्र-फाल्गुन के महीने में या यूं कहें कि होली के आसपास इसके झाड़ीनुमा पेड़ पर गांठनुमा छोटे-छोटे फल आते हैं, जिन्हें स्थानीय भाषा में ‘फोगला’ कहा जाता है, जिन्हें छाछ या दही में इस्तेमाल किया जाता है। वैसे, मास फरवरी -मार्च -अप्रैल में इसकी नयी पत्तियां फूटती हैं। इसके पुष्प गुलाबी रंग के होते हैं जो छोटे छोटे होते हैं तथा जिनको स्थानीय भाषा में ‘रिमझर’ बोलते हैं। इसके फूलों की महक लुभावनी होती है। कुछ लोग इसके फूलों को तैल में भूनकर भी खाते हैं। फोग की जड़ों को उबालकर कत्थे में मिलाकर इसे मसूड़ों से संबंधित बीमारी में इस्तेमाल किया जाता है। पश्चिमी राजस्थान में अधिकतर लुहार फोग की लकड़ी के कोयले का इस्तेमाल खाना बनाने में करते हैं। फोग का पौधा धीरे-धीरे बढ़ता है और जमीन से एक से डेढ़ मीटर ऊंचा होता है। तने की लकड़ी मजबूत और रेशेदार होती है तथा फोग उन दुर्लभ वनस्पतियों में से एक है जो तेज गर्मी में भी बिना पानी के जिंदा रहती है। यह मिट्टी के अपरदन को रोकता है और मरूस्थलीय प्रसार को रोकने में मददगार है। ऊंट और बकरियां इसे बड़े चाव से खाते हैं और अन्य पशु भी इसे चारे के रूप में इस्तेमाल करते हैं। इसकी लकड़ी आसानी से सड़ती-गलती नहीं है और प्राचीन समय में राजस्थान के जहाज कहलाने वाले ऊंट की नकेल इसी की लकड़ी से बनाई जाती थीं। आज बढ़ते शहरीकरण, अकाल के कारण फोग वनस्पति लुप्तप्राय प्रजाति की श्रेणी में पहुंच गई है। आधुनिक खेती में ट्रैक्टरों का अधिक प्रयोग के कारण फोग समूल नष्ट हो रही है, क्यों कि इनके प्रयोग से यह जड़ समेत निकल जाती है और दुबारा नहीं पनप पाती है। लाठी और चांदन क्षेत्रों में नलकूपों की संख्या बढ़ जाने के कारण आज कृषि कार्यों में प्रगति हुई और किसानों द्वारा फोग की कटाई कर दी गई, जिससे फोग वनस्पति पर काफी प्रभाव पड़ा है। अंधाधुंध कटाई ने भी फोग के अस्तित्व पर बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। आज गांवों में खेतों और ढ़ाणियों में बसने वाले लोग अपनी आजीविका के लिए फोग की लकड़ी को काट रहे हैं। शहरों में ईंट भटठे फोग की लकड़ी विशेष रूप से इस्तेमाल करते हैं, क्यों कि यह आसानी से जलती है। फोग मनुष्य के साथ साथ पशुओं की जीवन श्रंखला का महत्वपूर्ण घटक है, इसलिए इसके संरक्षण की आवश्यकता आज अत्यन्त ही महत्ती है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि विलायती बबूल ने भी थार रेगिस्तान की जैव-विविधता को भी काफी हद तक प्रभावित किया है, इसका असर भी निश्चित तौर पर फोग पर पड़ा है। जानकारी मिलती है कि विलायती बबूल भारत में आने के बाद से अब तक देशी पेड़-पौधों की 500 से भी अधिक प्रजातियों को खत्म कर चुका है। आज फोग का संरक्षण करने की आवश्यकता है, अन्यथा यह किताबों में ही रह जाएगा। फोग को बचाने के लिए सर्वप्रथम थार रेगिस्तान के किसानों, काश्तकारों को खेती के गलत तरीकों से बचना होगा। उन्हें यह समझाना होगा कि खेती की जमीन तैयार करने के लिए फोग के पौधे को खत्म करना कितना गलत है। इतना ही नहीं फोग के ईंधन के रूप में अत्यधिक दोहन को कम करने की आवश्यकता है। इसके लिए ईंधन के नये विकल्पों गैस सिलेंडर, बिजली व सौर ऊर्जा को काम में लिया जाना चाहिए। फोग वनस्पति के संरक्षण के लिए सरकार के साथ साथ ही आम लोगों, विभिन्न पर्यावरण संरक्षण संस्थाओं को आगे आना होगा और युवा पीढ़ी को फोग के महत्व, इसकी उपयोगिता, जैव विविधता को बनाए रखने में इसकी भूमिका के बारे में भी जागरूक करना होगा तभी यह दुर्लभ वनस्पति संरक्षित हो पाएगी।
सुनील कुमार महला

Related Articles

STAY CONNECTED

74,306FansLike
5,445FollowersFollow
115,034SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय