Monday, April 29, 2024

पीएम मोदी का कांग्रेस पर वार, बोले- सत्ता की भूख में समाज को बांटने की रच रही साजिश, युवाओं की है दुश्मन !

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

खंडवा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पिछले दो दिनों में मैं मध्यप्रदेश में जहां भी गया हूं, लोगों में उत्साह, उमंग और भावनाओं का प्रवाह दिखाई देता है। हर तरफ से आवाज आती है ’एमपी के मन में है मोदी’ और ’मोदी के मन में है एमपी’। साथियों मध्यप्रदेश मेरे दिल में है और मैं 21वीं सदी में मध्यप्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर देखना चाहता हूं। आप भी यह चाहते हैं कि मध्यप्रदेश देश के टॉप-10 विकसित राज्यों में अपना झंडा गाड़ दे। कांग्रेस ने अपने भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद से प्रदेश को बड़े गड्ढे में गिरा दिया था। भाजपा ने बड़ी मेहनत से उसे इस गड्ढे से बाहर निकाला है। इस काम में हमारी तीन-चार पीढ़ियां खप गई हैं। इसलिए हमें अब एमपी को कांग्रेस के चंगुल ने बचाकर रखना होगा। उसे गलत हाथों में नहीं जाने देना है।

प्रधानमंत्री रविवार को खंडवा जिले के पंधाना विधानसभा के छैगांवमाखन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आप जानते हैं कि कांग्रेस यहां सरकार बनाने के लिए क्यों छटपटा रही है? उसे सरकार बनाने की क्या जरूरत पड़ गई है और उसके नेता क्यों पागलों की तरह दौड़ रहे हैं? कांग्रेस का इरादा साफ है। वह एमपी को अपनी पार्टी का एटीएम बनाना चाहती है। लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए पूरे एमपी से ट्रैक्टर भर-भर के लूट करना चाहती है। क्या कांग्रेस को इसके लिए मौका देना है? क्या उन्हें प्रदेश को लूटने की इजाजत देना है?

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

उन्होंने कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तो वह लाखों करोड़ों के घोटाले करके अपना काम चलाती थी। लेकिन बीते 10 सालों से देश की जनता उसे पहचान गई है और जनता हर राज्य से उनका हिसाब चुकता करने में लगी है। इसलिए कांग्रेस पार्टी हर राज्य को बड़े लालच की दृष्टि से देखती है। वो इसी इंतजार में है कि कब मौका मिलेगा और कब माल खाएंगे। जिस राज्य में भी कांग्रेस की सरकार बनीं, वहां धड़ल्ले से लूट चल रही है। आपस में होड़ लगी है कि सीएम ज्यादा लूटेगा या डिप्टी सीएम लूटेगा। कांग्रेस यानी गरीब और मध्यम वर्ग की जेबें साफ करना। कांग्रेस यानी विकास की गाड़ी को परमानेंट ब्रेक लगाना या उसे रिवर्स गियर में डाल देना। इसलिए कांग्रेस से बहुत सावधान रहने की जरूरत है। सत्ता से बाहर रहकर वो सुधरे नहीं है, बल्कि उनकी भूख और ज्यादा तेज हो गई है।

कांग्रेस युवाओं की दुश्मन
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे नौजवान जो पहली बार वोट देने जा रहे हैं, उन्हें बहुत सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस का राज देखा नहीं है। ये नौजवान अगर अपने माता-पिता, बुजुर्गों से पूछेंगे तो उनकी आंखें फटी रह जाएंगी कि उस समय मध्यप्रदेश का क्या हाल था। मैं सभी माता-पिता से आग्रह करता हूं कि उन्होंने कांग्रेस के समय में जो मुसीबतें झेली हैं, उनके बारे में अपने बच्चों को बताएं। इससे उन्हें निर्णय करने में बहुत मदद मिलेगी। अन्य लोगों के लिए यह सरकार बनाने का चुनाव हो सकता है। किसी के लिए यह पांच सालों का हिसाब-किताब करने का चुनाव हो सकता है, लेकिन युवाओं के लिए यह भविष्य बनाने का चुनाव है, 25 सालों के लिए भाग्य तय करने का चुनाव है। अगर आपके पांच साल कांग्रेस ने बर्बाद कर दिए, तो भविष्य खराब हो जाएगा। मुझे नौजवानों को लेकर बहुत चिंता हो रही है, इसलिए आप सभी युवाओं से आग्रह करता हूं कि अपना भविष्य ऐसे हाथों में मत दीजिए, जो बदनामी से भरे हों।

जनता की नहीं, अपने नेताओं के विकास की सोचती रही कांग्रेस
मोदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा अपने नेताओं के विकास की ही सोचती रही है। इसका उदाहरण है खंडवा जिला। देश में लंबे समय तक पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक कांग्रेस का शासन रहा। खंडवा की पहचान अब देश के बिजली केंद्र के रूप में होने लगी है। यहां एशिया का पहला फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट लगा है। यहां बड़ी मात्रा में जल विद्युत का उत्पादन हो रहा है। बच्चों का भविष्य उज्जवल बने इसके लिए यहां शिक्षा के अनेक नए संस्थान बने हैं। नंदकुमार सिंह मेडिकल कॉलेज बना है। यहां की संतान किशोर कुमार जिन पर खंडवा के लोग गर्व करते हैं, उनके नाम पर सांस्कृतिक भवन भी बना है।

तेज विकास के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी
उन्होंने कहा कि अगले साल लोकसभा के लिए चुनाव होने जा रहे हैं और केंद्र में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनना तय है। उसके बाद मध्यप्रदेश का विकास तेज हो सके, इसके लिए मुझे यहां कोई स्पीड ब्रेकर नहीं चाहिए, विकास पर ब्रेक लगाने वाले नहीं चाहिए, रिवर्स गियर लगाकर बैठे हुए लोग नहीं चाहिए। मुझे तेज तर्रार भाजपा की सरकार चाहिए ताकि मैं अपने सपने पूरे कर सकूं। एक इंजन केंद्र सरकार का और दूसरा इंजन राज्य सरकार का मिलकर जब राज्य के विकास को धक्का देते हैं, तभी दोगुनी तेजी से विकास होता है। वरना जहां कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार बनती है वहां क्या हाल होते हैं, सभी ने देखा है। जहां भी कांग्रेस को मौका मिला है, उसने बर्बाद करके रख दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां भी कांग्रेस की सरकारें हैं, वो आपसी झगड़े में उलझी रहती हैं। नेताओं के पास जनता के लिए समय ही नहीं होता है, बस अपनी गोटियां बिठाते रहते हैं। राजस्थान में बीते साढ़े चार सालों से कांग्रेस की सरकार है, लेकिन 24 घंटे वहां के नेता एक दूसरे को काटने, एक दूसरे को गिराने में लगे रहते हैं। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बने अभी 6 महीने हुए हैं, लेकिन छः महीनों के भीतर वहां क्या हो रहा है? वहां के मुख्यमंत्री को पता नहीं है कि वह कब तक पद पर रहेगा। हर दिन खबर आती है अब वह सीएम बनने वाला है। फिर खबर आती है, नहीं वह नहीं वह बनने वाला है और हर कोई सीएम बनने के दावे ठोंकते रहते हैं। कर्नाटक में विकास ठप है और जनता परेशान है। मध्यप्रदेश में तो अभी-अभी टिकट बांटे हैं, जिसके बाद नेता एक दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। दूसरों से भी कह रहे हैं कि तुम उसके कपड़े फाड़ो, तुम उसके कपड़े फाड़ो। यही कांग्रेस का चरित्र है।

ऋषि-मुनियों ने समाज को जोड़ा, बांटने की साजिश रच रही कांग्रेस
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ अपने नेताओं के स्वार्थ पर ही टिकी है। जहां-जहां कांग्रेस आती हैं वहां सत्ता का अहंकार होता है और अपराधों का बोलबाला होता है। अनाप-शनाप लूट, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, माफिया राज यही उनकी पहचान है और कांग्रेस की सरकारों में यही सब कुछ फलता फूलता है। हमने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि भारत में कोई सरेआम किसी का गला रेत कर जश्न मनाएगा। लेकिन यह कांग्रेस शासित राजस्थान में हुआ है। इसलिए मध्यप्रदेश को दूसरे राज्यों के अनुभवों से सबक लेते हुए बहुत सतर्क रहने की जरूरत है। खंडवा की यह पावन धरा है, यहां आचार्य शंकर को गुरु की प्राप्ति हुई थी। हमारे ऋषि-मुनियों ने भारत के लिए बहुत तप किया था और उसके कोने-कोने को, हर समाज को आपस में जोड़ा था। लेकिन आज सत्ता की भूखी कांग्रेस समाज को बांटने के लिए साजिशें रच रही है, भ्रम फैला रही है, झूठ बोल रही है। कांग्रेस लोगों को बांटकर वोट की फसल काटना चाहती है। मध्यप्रदेश के उज्जवल भविष्य के लिए हमें इस तोड़ने वाले, बांटने वाले विचार को हमेशा के लिए जमींदोज कर देना है। कांग्रेस को कभी खड़े नहीं होना देना है और उसे रोकने के लिए मध्यप्रदेश के लोगों का एकजुट होना जरूरी है।

गरीब कल्याण सबसे बड़ी प्राथमिकता
मोदी ने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास के मंत्र को लेकर चल रही है। भाजपा सरकार की हर योजना का लाभ गरीबों को बिना किसी भेदभाव के मिलता है। मोदी के लिए इस देश में गरीब ही सबसे बड़ी जाति है और हमारी सरकार के लिए गरीब कल्याण ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। भाजपा सरकार के प्रयासों के कारण देश में 5 साल में 13 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। जब 13 करोड़ लोगों की गरीबी खत्म हो सकती है, तो पूरे देश की भी गरीबी खत्म हो सकती है। इसके लिए हम हर वह काम कर रहे हैं जो गरीब की चिंता कम करे, उसकी परेशानी कम करे।

उन्होंने कहा कि किसी गरीब के बच्चे भूखे न सो जाएं, इसके लिए मैं रात-रात भर जागता रहा था। हमने गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देना शुरू किया। इनमें मध्यप्रदेश के भी 5 लाख लोग शामिल हैं। यह योजना एक महीने बाद खत्म होने वाली है। लेकिन मैं गरीबी से निकला हूं और गरीबों के दर्द को समझता हूं। इसलिए हमने यह निर्णय लिया है कि इस योजना को पांच सालों के लिए और बढ़ाएंगे।

किसानों की समृद्धि हमारा लक्ष्य
मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को जो सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं, उससे आज एमपी गेहूं उत्पादन में अग्रणी राज्य बन गया है। भाजपा सरकार ने दलहन और तिलहन के किसानों को प्रोत्साहन देने के लिए कई प्रयास किए हैं। समर्थन मूल्य में भी वृद्धि की गई है। अब केंद्र सरकार देश में बड़ी संख्या में भंडारण की सुविधाएं विकसित कर रही है। आने वाले समय में आपका ज्वार और मक्का भी कमाई का बहुत बड़ा साधन बनेगा। भाजपा सरकार श्री अन्न को पूरी दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने के लिए बहुत तेजी से काम कर रही है।

पर्यटन से मिलेगा रोजगार को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह आज पूरी दुनिया में भारत का परचम लहरा रहा है, उसके कारण दुनिया भर के लोग भारत को देखने के लिए आना चाहते हैं और टूरिज्म के मामले में तो हमारा एमपी अजब भी है गजब भी है। इसलिए इस क्षेत्र को तीर्थ यात्रा का, पर्यटन का बहुत बड़ा हब बनाया जा रहा है। निमाड़ क्षेत्र में तो बाबा ओंकारेश्वर, ममलेश्वर मंदिर, श्री संत सिंगाजी समाधि स्थल, श्री दादाजी समाधि स्थल हैं। हनुमंतिया टापू है। इस क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की बहुत बड़ी संभावनाएं हैं। इस दिशा में भाजपा की सरकार बहुत तेजी से काम करने जा रही है। इससे यहां हजारों रोजगार का निर्माण होगा और खंडवा जिला विकास के नए शिखर छुएगा।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,237FansLike
5,309FollowersFollow
47,101SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय