Sunday, September 8, 2024

रीवा-वहां गहरी नदी में स्थित है भगवान शिव का स्वर्ण मंदिर

बिछिया, बीहर नदियों की संगमस्थली रीवा’ जहां से घोघर नदी उत्पन्न होकर आगे गंगा नदी में मिल जाती है, अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के कारण लोगों को आकर्षित करती रही है। इसी शहर में रचा बसा है एक पूरा महाकाव्य, एक पूरी सभ्यता और एक पूरा नगरीय व ग्रामीण जीवन।
रोजमर्रा की जरूरतों की आपाधापी के बीच भी यह शहर अपनी अस्मिता को सुरक्षित रखकर एक सुनहरा इतिहास संजोए हुए है। यातायात के साधनों में रेलवे तथा सड़क परिवहन की पर्याप्त सुविधाएं हैं जिससे यह शहर पूरे देश से जुड़ा हुआ है। प्रसिद्ध जी.टी.रोड भी इस शहर से होकर गुजरती है।
रीवा के ऐतिहासिक स्थल शुरू से ही लोकप्रिय रहे हैं। यहां की चित्रकूट नगरी का वर्णन रामचरित मानस में प्रभावपूर्ण ढंग से किया गया है।
यहीं पर कामदागिरि में कामतानाथ जी का मन्दिर है। कहते हैं कि महाराजा विश्वनाथ सिंह को पुत्र होने का वरदान भी यही से मिला था जिसके लिए उन्होंने यहां राम जानकी मन्दिर एवं पुत्रदाता वृक्ष की स्थापना की थी जिसके फल से उन्हें श्री रघुराज सिंह जैसे शूरवीर पुत्र मिले जिन्होंने अनेक काव्यादि लिखे।
राम-भरत का महत्त्वपूर्ण भ्रातृ मिलन भी यही हुआ। भगवान राम ने महाकवि स्वामी तुलसीदास को यहीं पर दर्शन दिये थे जो इस दोहे में स्पष्ट है ‘चित्रकूट के घाट में भई संतन की भेंट। तुलसी दास चंदन घिसै तिलक देत रघुबीर।।’
रीवा के क्योंटी नामक स्थान में महाना नदी पर प्रपात बना हुआ है। कहा जाता है कि इसके पानी के अन्दर सोने के मंदिर में शिवलिंग स्थापित है। यहां वनवास के समय सीता जी ने रसोई बनाई थी। रीवा में क्योंटी का मकर संक्र ांति मेला प्रसिद्ध है। रीवा शिक्षा की नगरी है, साहित्यकारों की संगम स्थली, चिन्तकों की भूमि तथा महान कलाकारों और राजनीतिज्ञों की कर्मस्थली है। विशेष बात यह है कि यहां सैनिक स्कूल है। गोपाल शरण सिंह और अन्य प्रसिद्ध कवि भी यहीं हुए हैं।
रीवा में अनेक मंदिर हैं जिसमें जगन्नाथ मंदिर काफी प्रसिद्ध है। हर वर्ष यहां रथयात्र निकलती है। इसके बारे में यह कथा प्रचलित है कि महाराजा रघुराज सिंह जी के पुत्र महाराजा व्यंकट रमण जी सोन नदी के उस पार अपनी फौज सहित दौड़ पर गये थे। रथयात्र के समय पर उन्हें वापस लौटना था। इसी बीच तेज वर्षा हो जाने के कारण सोन पूरे वेग से बह रही थी किन्तु जिस प्रकार यमुना नदी ने वासुदेव जी को श्री कृष्ण जी को ले जाने में मार्ग दिया था, उसी प्रकार सोन नदी ने इन महाराजा को भी मार्ग दिया था।
अंग्रेजी शासन के दौरान फौजी कमाण्डर व्यंकट रमण के पुत्र श्री गुलाब सिंह महाराज भी इसी शहर के थे जिन्होंने तीन सौ शिकारियों को खा जाने वाले शेर को जमीन पर खड़े होकर मारा था और कई डिग्रियों सहित सात खून का माफीनामा भी पाया था। सन् 1945 में इन्होंने अपने रीवा राज्य को आजाद कर जनता के सुपुर्द किया था जिससे अंग्रेजों को रीवा के बाहर जाना पड़ा था।
पूरे विश्व का अजूबा है सफेद शेर जो महाराजा गुलाब सिंह के पुत्र महाराज मार्तण्ड सिंह ने पकड़ा था और उन्हें अन्यत्र भी भेजा है। ये विदेशों में भी पल रहे हैं। अपनी शिक्षा की गौरवान्वित पृष्ठभूमि संजोए हुए है रीवा विश्वविद्यालय जिसकी परिधि ही अलग रची-बसी है।
रीवा राज्य को सबसे बड़े कलाकार संगीत सम्राट तानसेन की प्राप्ति और भारत सम्राट अकबर की मां हमीदा बानू बेगम को शरण देने का गौरव प्राप्त है जिसके कारण रीवा को कर से मुक्त रखा गया था। उनकी सनद को अंग्रेजों ने भी मान्यता दी थी। रीवा अविजित राज्य रहा है। इसके सिंह द्वार पर दो मृगेन्द्र की मूर्ति है जो लेख से विभूषित है ‘मृगेन्द्र प्रति द्वन्दताम ताम्या प्रयात’।
ऐतिहासिक स्थलों का खजाना है रीवा राज्य। यहां गोविन्दगढ़ का तालाब जगत प्रसिद्ध है जिसके बारे में कहा गया है कि आधा किला तालाब के अन्दर बसा हुआ है। यह सीमेन्ट के उत्पादन में भी विशेष स्थान रखता है जिनमें जेपी सीमेन्ट, प्रिज्म सीमेन्ट, मैहर सीमेन्ट आदि हैं।
प्रसिद्ध बान्धवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान भी इसी राज्य में है। रीवा राज्य न्याय की नगरी कही गयी है। यहां की जनता ने बान्धवगढ़ के राजा की महिमा का उल्लेख कुछ इस प्रकार किया –
पुण्य बीज बरिने बयो।
कर्ज कीन्ह द्विपात।।
सीचौ बान्धवगढ नृपति।
जब देखिन कुम्हिलात।।
– अमिता अवस्थी

Related Articles

STAY CONNECTED

74,334FansLike
5,410FollowersFollow
107,418SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय