Sunday, May 19, 2024

भोकरहेडी में किया किसान मसीहा की प्रतिमा का अनावरण, बोले जयंत-किसानों-युवाओं की उपेक्षा कर रही है बीजेपी

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

मोरना। कस्बा भोकरहेडी में पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने किसान मसीहा एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया, जिसके बाद जयन्त चौधरी ने जनसभा को संबोधित करते हुए सत्ताधारी पार्टी भाजपा पर निशाना साधते हुए किसानों की उपेक्षा व युवाओं को बेरोजगार करने के आरोप लगाये। सभा में क्षेत्रीय विधायक चंदन चौहान व पुरकाजी विधायक अनिल कुमार ने भी सभा को सम्बोधित किया।

कस्बा भोकरहेडी स्थित इण्टर कॉलेज में राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने शनिवार को किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया, इससे पूर्व जयंत चौधरी ने मोरना स्थित चौधरी चरणसिंह चौराहे पर चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इंटर कॉलेज भोकरहेडी में पहुंचे जयंत चौधरी का एनसीसी कैडेट्स द्वारा सलामी देकर स्वागत किया गया व छात्राओं ने फ्लैग एरिया में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

जयंत चौधरी ने किसान मसीहा की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करने के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि चौधरी चरणसिंह ने किसानों और मजदूरों के लिए बहुत से काम किए, उन्होंने विधानसभा में भी बहुत से अभूतपूर्व कार्य किये हैं। उनके समय में किसान और मजदूर को ये बात नहीं पता थी कि उनका भी हक है। किसान और मजदूर के बिना कोई चुनाव नहीं जीता जा सकता।

उन्होंने कहा कि आज की सरकार चौधरी साहब के नाम से योजनाओं की घोषणाएं तो करती हैं, लेकिन उन्हें धरातल पर नहीं उतारती। सरकार ने ड्रोन के माध्यम से खेतों में कीटनाशक का छिडकाव के लिए साढे बारह सौ करोड की घोषणा की है। सरकार ने यह योजना शायद किसी व्यापारी के लिए बनाई है। इस बार बाढ के कारण गन्ने की फसल तबाह हो गई है, जिससे किसान को काफी नुकसान हुआ है। शोध संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। दुनिया के अन्य देशों  में  भारत से कई गुना कृषि अनुसंधान पर खर्च किया जा रहा है।

पीएम आशा केन्द्र की योजना है, जो कि चौधरी छोटूराम के नाम पर उनके गांव से शुरू की गई थी, लेकिन 2०23-24 में इस योजना को एक लाख रूपये का बजट दिया गया। प्रधानमंत्री कहते हैं कि हम किसान की आय सुनिश्चित कर रहे हैं तथा किसान को यदि मंडी में एमएसपी नहीं मिल रहा है, तो किसान के खाते में सीधे पैसा भेजेंगे, लेकिन किसान इस सरकार में ठगा महसूस कर रहा है, क्योंकि किसान को इस सरकार में वादों के अलावा कुछ नहीं मिल रहा है। सरकार हजारों करोड नई संसद पर खर्च कर रही है, लेकिन किसान के नाम पर सरकार के पास पैसा खत्म हो जाता है। किसान 13 महीने धरने पर बैठे। भाजपा सपने दिखा रही है। 2०13 की बाढ के आधार पर जो शासनादेश जारी हुआ था उसके बाद कोई शासनादेश जारी नहीं किया गया है और न ही किसान को फसलों का मुआवजा मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मोरना चीनी मिल के विस्तारीकरण की घोषणा विधानसभा से की थी, जिसके झूठ का पर्दाफाश सदन में विधायक चंदन चौहान ने किया था। सदन में जो होता है उसकी चर्चा सार्वजनिक मंचों से होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरणसिंह को भारत रत्न देने की मांग की। उन्होंने मौजूदा सरकार पर आरोप लगाया कि चौधरी साहब के भाषणों पर अभी तक कोई किताब नहीं छापी गई है।

मीरापुर विधायक चंदन चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों और युवाओं को बर्बादी की कगार पर खड़ा कर दिया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के किसान की अभी तक कोई मदद नहीं की गयी है। देश प्रदेश में बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है। फसलों के उचित दाम न मिलने से किसान लगातार कर्जमन्द हो रहा है। किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह ने अपना

जीवन किसानों व मजदूरों के लिए समर्पित कर दिया था। 2०24 के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखायेगी। सरकार सडक से लेकर सदन तक झूठ बोलती है। सबसे पहले जयंत चौधरी ने अग्निवीर योजना का विरोध किया था, जिसके परिणाम अब सामने आ रहे है। अग्निवीर योजना के द्वारा भर्ती होने वाले शहीदों को सम्मान नहीं मिल पा रहा है।

पुरकाजी विधायक अनिल कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों से समाज का प्रत्येक वर्ग त्रस्त है। बिजली के बिल बेहताशा बढ़ाये जा रहे हैं। वहीं किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान नहीं मिल रहा है। प्रदेश सरकार ने अभी तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं किया है, जिससे किसान चिंतित है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। भाजपा सरकार हवा में जुमलेबाजी कर रही है। यह जुमलेबाजों की सरकार है। धरातल पर कोई कार्य नहीं हो रहे हैं।

सभा की अध्यक्षता काजी आकिल व संचालन संगठन प्रदेश महासचिव अजीत राठी ने किया। इस मौके पर मुख्य रूप से पूर्व मंत्री योगराज सिंह, मण्डल अध्यक्ष प्रभात उर्फ गुड्डू तोमर, जिलाध्यक्ष सन्दीप मलिक, मीरापुर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. अमित ठाकरान, जिला महासचिव सुन्दर गुर्जर, बाबा ओमबीर सिंह, गौडिय मठ के भक्ति भूषण महाराज, पूर्व चेयरमैन राजेश कुमार, नगर अध्यक्ष ललित सहरावत, नरेन्द्र भाईजी, बिन्नू राठी, वरूण सहरावत, राजीव राठी, कॉलेज प्रबन्धक डॉ. कर्णवीर सिंह, मनोज कुमार, धर्मपाल राठी, डॉ. अलीशेर अन्सारी, धर्मवीर बालियान, रजनीश यादव, मरगूब मलिक, देवेन्द्र सिंह, विदित मलिक, नीशू कुमार, विकास मुखिया, विशान्त कुमार, इंद्रजीत सिंह, साकिब खान, राजाराम, कृष्णपाल राठी, मौ. समी, नवाब अली आदि मौजूद रहे।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,188FansLike
5,319FollowersFollow
50,181SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय