नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर अपनी अनोखी और दिलचस्प कुकिंग वीडियो से मशहूर हुईं रजनी जैन, जिन्हें लोग ‘चटोरी रजनी’ के नाम से जानते हैं, उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 17 फरवरी, सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में उनके बेटे तरण जैन का दुखद निधन हो गया। इस खबर से सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स और चाहने वाले स्तब्ध हैं।
मुज़फ्फरनगर में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने किया औचक निरीक्षण, बेहतर सफाई के लिए दिए निर्देश
यह दुखद समाचार खुद रजनी जैन और उनके पति संगीत जैन ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट के जरिए साझा किया। उन्होंने लिखा टूटे हुए दिल के साथ हम यह असहनीय खबर साझा कर रहे हैं कि हमारा लाडला, हमारी दुनिया, तरण जैन अब हमारे बीच नहीं रहा।”
इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके चाहने वालों ने गहरा शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
रजनी जैन ने यह भी बताया कि 19 फरवरी, बुधवार को दिल्ली के छतरपुर स्थित तेरापंथ भवन में शोक सभा का आयोजन किया जाएगा, जहां उनके करीबी, मित्र और फॉलोअर्स उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्रित होंगे।
रजनी जैन सोशल मीडिया पर अपने खास और अनोखे कुकिंग स्टाइल के लिए जानी जाती हैं। उनके इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर लाखों फॉलोअर्स हैं। खासकर उनकी ‘आज मेरे हसबैंड के लंच बॉक्स में क्या है?’ सीरीज़ को लोगों ने खूब पसंद किया।
इस सीरीज़ की लोकप्रियता इतनी अधिक थी कि हर रोज़ हजारों लोग इसे देखने का इंतजार करते थे। उनके बेटे तरण जैन भी कई बार उनकी वीडियो में नजर आ चुके थे। वह अपनी मां के कुकिंग वीडियोज का अहम हिस्सा थे और अक्सर वीडियो के पीछे से कमेंट्री भी किया करते थे।
‘चटोरी रजनी’ के इंस्टाग्राम पर 5 फरवरी को पोस्ट की गई एक रील में तरण आखिरी बार नजर आए थे। इस वीडियो में वे अपनी मां के साथ बातचीत करते दिखे थे, जिसे उनके फॉलोअर्स ने बहुत पसंद किया था।
जब से यह दुखद समाचार सामने आया है, सोशल मीडिया पर लोगों की भावनाएं उमड़ पड़ी हैं। उनके फैंस और फॉलोअर्स उनके परिवार के लिए दुआएं मांग रहे हैं और इस अपूर्णीय क्षति को लेकर अपना दुख जाहिर कर रहे हैं।
रेडिट पर एक यूजर ने लिखा यह खबर सुनकर मेरा दिल टूट गया। ये लोग एक साधारण और खुशहाल परिवार थे, जो बस अपना काम कर रहे थे। उनका यह दर्द सहना बहुत मुश्किल है।”
एक अन्य यूजर ने लिखा मैं तब से सदमे में हूं, जब मैंने यह खबर इंस्टाग्राम पर देखी। रजनी जी अपने बेटे और परिवार से बहुत प्यार करती थीं। सच में, कभी-कभी ऐसा लगता है कि ‘नजर लगना’ भी एक सच्चाई है।”
लोगों का कहना है कि तरण जैन एक बेहतरीन फोटोग्राफर थे और उन्होंने अपनी मां के लिए कई शानदार तस्वीरें क्लिक की थीं। उनके कई फोटोशूट्स और एडिटिंग स्किल्स की तारीफ सोशल मीडिया पर होती रहती थी।
रजनी जैन और उनके परिवार के लिए यह बेहद कठिन समय है। उनके फॉलोअर्स, दोस्त और सोशल मीडिया समुदाय उनके प्रति अपनी संवेदनाएं जता रहे हैं और उन्हें इस दुखद घड़ी में हिम्मत देने की कोशिश कर रहे हैं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद ‘चटोरी रजनी’ का परिवार गहरे सदमे में है और फैंस को यकीन नहीं हो रहा कि तरण अब उनके बीच नहीं हैं।