Friday, September 20, 2024

बाराबंकी में प्राइवेट स्कूल का छज्जा गिरा, 40 बच्चे घायल,याेगी ने घटना का संज्ञान लिया,अधिकारियाें काे दिए निर्देश

 

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

बाराबंकी। जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह अवध एकेडमी स्कूल का छज्जा भरभरा कर गिर गया। जिसके मलबे में दबकर करीब 40 बच्चे घायल हाे गए। इस हादसे के चलते बच्चे मलबे के साथ 15 फीट नीचे जमीन पर गिर गए थे। इनमें लगभग आधा दर्जन बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की जानकारी पाकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार झा व पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य में पूरा जिला प्रशासन लग गया। आनन फानन में सभी बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिसमें पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद स्कूल को सील करके मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गए हैं।

बता दें कि अवध एकेडमी स्कूल में करीब 400 बच्चे पढ़ते हैं। कुछ क्लास ग्राउंड फ्लोर और कुछ फर्स्ट फ्लोर पर चलती हैं। पहली मंजिल से नीचे आने का रास्ता छज्जा से होकर गुजरता है। हादसे के वक्त बच्चे प्रेयर के लिए छज्जे की बगल की सीढ़ी से उतर रहे थे। तभी छज्जा गिर गया और यह बड़ा हादसा हाे गया।

छज्जा गिरते ही मच गई चीख-पुकार

स्कूल का छज्जा गिरने की घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। कई बच्चे मलबे के बीच दब गए। किसी के सिर-चेहरे और गर्दन में तो किसी के सीने और हाथ पैर में गंभीर चोट आई। कई बच्चों के पैर टूटे हैं। यहां हर तरफ केवल खून ही खून था। बच्चों की चींख-पुकार मची थी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। बच्चों को मलबे से रेस्क्यू करके निकाला गया। सभी घायलों को स्कूल से 300 मीटर दूर जहांगीराबाद सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के माता-पिता भी स्कूल पहुंच गए। स्कूल प्रबंधन भी मौके पर पहुंचा।

सूचना मिलते ही स्कूल पहुंचे अभिभावक

अभिभावक अनिल कुमार ने बताया कि मेरा बच्चा अवध एकेडमी स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ता है। आज उसकी परीक्षा थी, सुबह घर से स्कूल गया। कुछ समय बाद ही फोन आया कि स्कूल का छज्जा गिर गया है। जिसमें बच्चे घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल पहुंचे, देखा तो मेरा बेटा सुरक्षित था। लेकिन हादसे में कई बच्चे गंभीर रुप से घायल हुए हैं। बेटे ने बताया कि प्रार्थना करने के लिए सभी लोग जा रहे थे। अचानक से स्कूल के पहली मंजिल का छज्जा गिर गया।

हादसे की वजह की जांच हाे रही

एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अवध एकेडमी स्कूल में बच्चों की परीक्षा होनी थी। इसी दौरान छज्जा पर एक साथ भारी संख्या में बच्चे आ गए। छज्जा पर लोड बढ़ा और अचानक से गिर गया। हादसे में 40 बच्चे घायल हैं। सभी घायल बच्चों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे के पीछे की वजहों की जांच शुरू कर दी गई है। जो भी इस हादसे के लिए जिम्मेदार होगा। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्कूल की मान्यता 10वीं है, लेकिन संचालन 12वीं तक किया जा रहा था।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियाें काे दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में हुए स्कूल हादसे का संज्ञान लिया है। उन्हाेंने अधिकारियाें को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उन्हाेंने बच्चाें के बेहतर

उपचार कराने के निर्देश अधिकारियाें काे दिए हैं। उनके जल्द स्वस्थ्य हाेने की कामना की है।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,334FansLike
5,410FollowersFollow
107,418SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय