नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दो थानों में दहेज की मांग को लेकर विवाहिताओं ने ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना सूरजपुर में एक महिला डॉक्टर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उसका उत्पीड़न कर रहे हैं, तथा उसके साथ मारपीट करते हैं। वहीं ग्रेनो वेस्ट के एक गांव में रहने वाली विवाहिता ने थाना बिसरख में अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न और ससुर द्वारा छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस दोनों मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि डॉक्टर एकता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वर्ष 2024 के जुलाई माह में उसकी शादी आकाश गौतम के साथ हिंदू रीति रिवाज से हुई। पीड़िता के अनुसार वह जनपद मथुरा में दंत चिकित्सक के रूप में कार्य करती है। महिला का आरोप है की शादी के समय से ही उसके ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे हैं।
दहेज की मांग पूरी ना होने पर उसके साथ मारपीट कर, उसका लगातार उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में डॉक्टर की शिकायत पर उनके पति आकाश गौतम, ससुर हरि प्रकाश, सास शोभा गौतम ननद निहारिका गौतम, मनमोहन गौतम तथा जेपी गौतम के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रेनो वेस्ट के एक गांव में रहने वाली महिला ने थाना बिसरख में अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न और ससुर पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी ससुर और पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला का आरोप है कि 16 अप्रैल को ससुर ने उसके साथ छेड़छाड़ की और गलत काम करने का प्रयास किया। इसके बाद उसे तीन दिन तक घर में बंधक बनाकर रखा गया। पिता बेटी के ससुराल पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे दहेज के लिए भी परेशान करते हैं। दहेज में गाड़ी और पैसे की मांग की जा रही है।