Thursday, April 24, 2025

नोएडा में हिंडन नदी में नहाने गए दो नाबालिग दोस्त डूबे, गोताखोर व एनडीआरएफ की टीम बच्चों की तलाश में जुटी 

नोएडा। थाना फेस दो क्षेत्र के ककराला पुश्ता के  पास हिंडन नदी में शुक्रवार को दो बच्चे नहाने के दौरान डूब गए। देर शाम तक दोनों बच्चों को तलाशा नहीं जा सका है। गोताखोर और एनडीआरएफ की टीमें बच्चों को तलाश रही हैं। स्टीमर से भी बच्चों की तलाश की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त दीक्षा सिंह ने बताया कि मूलरूप से बुलंदशहर के जहांगीराबाद का रहने वाले आठ वर्षीय आशीष शुक्रवार को अपने साथी बदायूं निवासी 11 वर्षीय अभिषेक के साथ हिंडन नदी में नहाने गया था। इसी दौरान बहाव के कारण दोनों नदी में डूब गए। उधर से गुजर रहे एक व्यक्ति ने बच्चों को नदी में डूबते हुए देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फेस- दो थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दिल्ली से निजी गोताखोरों को बुलाया गया। गाजियाबाद की एनडीआरएफ की आठवीं बटालियन की टीम को भी घटना की जानकारी दी गई। देर शाम तक पुलिस, गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम बच्चों की तलाश में लगी रहीं। एनडीआरएफ की टीम ने लखनावली तक बच्चों की तलाश की।  हादसे की जानकारी जैसे ही बच्चों के परिजनों को मिली वह मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर भीड़ जमा रही और कई लोगों ने बच्चों की तलाश में जुटी टीमों का वीडियो भी बनाया है। पानी का बहाव अधिक और गहराई में जाने से दोनों की पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। अभी भी नदी में डूबे दोनों बच्चे नहीं मिले हैं। बच्चों की तलाश में शनिवार को भी अभियान चलाया जाएगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि आशीष केजी का, जबकि अभिषेक तीसरी कक्षा का छात्र है। दोनों दोस्त भी हैं। आशीष और अभिषेक के माता-पिता एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। शुक्रवार को दस बजे के करीब दोनों के परिजन घर से नौकरी करने के लिए जैसे ही निकले आशीष और अभिषेक नहाने के लिए नदी की ओर चल दिए। दोनों अक्सर नदी में नहाने जाया करते थे। नहाते समय दोनों नदी में डूब गए। डूबने समय दोनों ने जब शोर मचाया तो नदी के पास से गुजर रहा एक व्यक्ति भागकर वहां पहुंचा और बच्चों को बचाने का प्रयास भी किया। दलदल में फंसने के कारण व्यक्ति बच्चों को बचा नहीं सका। खुद किसी तरह बाहर निकला और घटना की जानकारी पुलिस समेत अन्य लोगों को दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के एक घंटे के भीतर स्टीमर को भी नदी में उतारा गया। घटनास्थल से पांच किलोमीटर की परिधि में स्टीमर से बच्चों को तलाशा गया पर अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। आशंका जताई जा रही है बहाव के कारण दोनों बच्चे दूर निकल गए हैं। हिंडन नदी से जुड़े अन्य जनपदों की पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। बच्चों को खोजने का अभियान देर शाम तक चलता रहा। आशीष और अभिषेक के साथ कुछ अन्य बच्चे भी नदी में नहाने जाते थे। गनीमत रही कि शुक्रवार को अन्य बच्चे दोनों के साथ नहीं गए,वरना हादसा और बड़ा हो सकता है।
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आशीष बुलंदशहर निवासी अशोक शर्मा का इकलौता बेटा है। वहीं अभिषेक के दो भाई और दो बहन है। आशीष के पिता करीब पांच साल पहले नोएडा आए थे,जबकि अभिषेक के पिता राजू महज तीन महीने पहले ही नौकरी करने के लिए नोएडा आए थे। राजू एक कंपनी में गाड़ी चलाने का काम करते हैं। हादसे के बाद दोनों बच्चों के घरों में चीख पुकार मची है। नदी में कूदने से पहले बच्चों ने अपने कपड़े उतार दिए थे। परिजनों ने कपड़े देखने के बाद इसकी पुष्टि की है कि नदी में आशीष और अभिषेक ही डूबे हैं। परिजनों को इस बाद की उम्मीद बनी हुई है कि उनके बच्चे जीवित अवस्था में मिलेंगे।
- Advertisement -

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

Related Articles

STAY CONNECTED

80,337FansLike
5,552FollowersFollow
151,200SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय