Friday, April 26, 2024

मोदी का एक सप्ताह में 2 बार महाराष्ट्र दौरा, क्या है इसका सियासी मतलब ?

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

लोकसभा चुनाव का औपचारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है लेकिन चुनावी हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी एक के बाद एक राज्यों का दौरा करके सियासी माहौल बनाना शुरू कर चुके हैं। महाराष्ट्र के बदले हुए सियासी माहौल में प्रधानमंत्री मोदी का एक सप्ताह में यह दूसरा दौरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिणी महाराष्ट्र के सोलापुर में करीब 2000 करोड़ रुपए की आठ अमृत (कायाकल्प और शहरी परिवर्तन के लिए अटल मिशन) परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।

इसके अलावा मोदी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए 90000 से अधिक घरों को भी हितग्राहियों को समर्पित किया और साथ ही सोलापुर में रायनगर हाउसिंग सोसाइटी के 15000 घरों को भी लाभार्थियों को सौंपा । इन लाभार्थियों में हजारों हथकरघा श्रमिक, विक्रेता, पावरलूम श्रमिक, कूड़ा बीनने वाले, बीड़ी श्रमिक और चालक शामिल हैं।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले सप्ताह ही महाराष्ट्र के नासिक में देश के सबसे लंबे पुल अटल सेतु का अनावरण किया था और लगभग 15,000 करोड़ रुपए की अन्य परियोजनाओं की सौगात दी थी। अब एक बार फिर से महाराष्ट्र के दौरे पर हैं और हजारों करोड़ के विकास योजनाओं को राज्य को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री की राज्य की लगातार यात्राएं उनकी लोकप्रियता और उनकी सरकार के विकास संदेश का लाभ उठाकर अपनी स्थिति मजबूत करने व महाराष्ट्र में होने वाले लोकसभा और उसके बाद विधानसभा चुनाव में अधिकतम सीटें जीतने की भाजपा की कोशिशों को दर्शाती है।लोकसभा चुनाव से पहले मोदी के ये दौरे कई लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहे है, पिछले 13 महीनों में महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री मोदी ने सात बार महाराष्ट्र का दौरा किया है।

प्रोजेक्ट छोटा हो या बड़ा, अगर प्रधानमंत्री उद्घाटन करें तो उसका असर बड़ा होता है और गारंटी वाला होता है ।भाजपा इसी सोच के साथ आगे बढ़ रही है। शिंदे सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी जून 2022 में नागपुर गए थे। उसके बाद के 13 महीनों में प्रधानमंत्री मोदी दिसंबर 2022 में प्रधानमंत्री मोदी ने नागपुर समृद्धि महामार्ग का उद्घाटन किया। वंदे भारत एक्?सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। नागपुर मेट्रो के फेज-1 को देश को समर्पित किया और फेज-2 की नींव रखी।जनवरी 2023 में प्रधानमंत्री मोदी ने मुंबई में कई प्रोजेक्ट्स की नींव रखी और कुछ का उद्घाटन किया। मुंबई मेट्रो से सफर भी किया। फरवरी 2023 में प्रधानमंत्री मोदी ने मुंबई को शिरडी और सोलापुर से जोडऩे वाली दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड और कुरार अंडरपास का भी उद्घाटन किया।अगस्त 2023 में प्रधानमंत्री ने पुणे के एक कार्यक्रम में शिरकत की।

उनके साथ NCP चीफ शरद पवार भी स्टेज पर मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने मेट्रो रेल को हरी झंडी दिखाई और पिंपरी-चिंचवाड़ में एक एनर्जी प्लांट का शिलान्यास किया। 14 अक्टूबर 2023 में प्रधानमंत्री मोदी ने मुंबई में इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी के 141वें सत्र में हिस्सा लिया।26 अक्टूबर 2023 में प्रधानमंत्री ने अहमदनगर का दौरा किया। तीन दशक से अटके निलवंडे डैम को जनता को समर्पित किया। उसी दिन प्रधानमंत्री शिरडी मंदिर गए और श्रद्धालुओं के लिए बने शानदार एसी वेटिंग रूम का उद्घाटन किया।12 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री मोदी ने करोड़ो रुपयों से नवी मुंबई में ‘अटल सेतु का उद्घाटन किया।

इन दौरों में मोदी ने 12 से ज्यादा लोकसभा सीटें कवर की हैं। नागपुर, पुणे, अहमदनगर, सिंधुदुर्ग, नासिक, सोलापुर के अलावा मुंबई की छह लोकसभा सीटों को भी प्रधानमंत्री ने कवर किया। नवी मुंबई के दौरे से ठाणे और रायगढ़ पर भी असर की भाजपा को उम्मीद है।

प्रधानमंत्री मोदी के बार-बार महाराष्ट्र जाने पर कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों ने कई बार निशाना साधा है । महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले का कहना था कि अगर प्रधानमंत्री को हर महीने राज्य में आना पड़ रहा है तो यह दिखाता है कि महाराष्ट्र में भाजपा कितनी कमजोर हो गई है। हालांकि, भाजपा को प्रधानमंत्री मोदी के जादू पर पूरा भरोसा है। राज्य भाजपा के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि हम हमारे प्रधानमंत्री विकास के एजेंडा को आगे बढ़ा रहे हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि ऐसा नेता मिला है जो जनता और उनके उत्थान को लेकर चिंतित है। प्रधानमंत्री और भाजपा जो भी वादे करते हैं, उन्हें रिकॉर्ड टाइम में पूरा किया जा रहा है। पार्टी के रूप में हम अपनी उपलब्धियों का प्रदर्शन तो करेंगे। इसमें क्या गलत है?

उत्तर प्रदेश के बाद सबसे अधिक सीटें महाराष्ट्र में आती हैं। उत्तर प्रदेश में 80, जबकि महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटें हैं।भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की 48 में से 45 प्लस सीटें जीतने का टारगेट रखा है। पिछले दो चुनावों में भाजपा और अविभाजित शिवसेना गठबंधन के हिस्से के रूप में 41 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। महाराष्ट्र की सियासी हालत काफी बदल चुकी है। शिवसेना और एनसीपी दो धड़ों में बंट चुकी है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार की एनसीपी कांग्रेस के साथ है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी ने महाराष्ट्र में भाजपा के साथ मिलकर सरकार बना रखी है।

महाराष्ट्र में शिंदे और अजित पवार के साथ होने के बाद भी भाजपा 2024 के चुनाव में किसी तरह का कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती है। इसलिए भाजपा ने लोकसभा की लड़ाई शुरू करने से पहले विपक्ष पर अजेय बढ़त हासिल करने के मद्देनजर अपनी सक्रियता को बढ़ा दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। महाराष्ट्र में छोटी-बड़ी सभी परियोजना का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा किया जाता है ताकि इसका सियासी प्रभाव पड़ सके। यह सिलसिला महाराष्ट्र में 2022 से जारी है, जब से राज्य में भाजपा के समर्थन से एकनाथ शिंदे के अगुवाई में सरकार बनी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जब दिसंबर 2022 में नागपुर का दौरा किया था, जहां उन्होंने समृद्धि महामार्ग को समर्पित किया था। इस योजना का लाभ विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तरी महाराष्ट्र में मिलने की उम्मीद है। उद्धव ठाकरे के सत्ता से बेदखल होने और शिंदे के अगुवाई में भाजपा गठबंधन की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला महाराष्ट्र दौरा था। इसके बाद से प्रधानमंत्री मोदी सात बार महाराष्ट्र का दौरा कर चुके हैं और शुक्रवार को सोलापुर का 8वां दौरा है। सोलापुर का इलाका कांग्रेस के दिग्गज नेता सुशील कुमार शिंदे का गढ़ माना जाता है जिन्हें भाजपा अपने साथ मिलाने की कवायद में है। इस बात को सुशील कुमार शिंदे ने खुद कहा है और अब प्रधानमंत्री मोदी के सोलापुर से विकास की सौगात से नवाज कर लोकसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण साधने का दांव चला है।

फरवरी 2023 में मुंबई को शिरडी और सोलापुर के महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों से जोडऩे वाली दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने सांताक्रूझ-चेंबूर लिंक रोड और कुरार अंडरपास का उद्घाटन किया था, जिसका उद्देश्य शहर में यातायात को कम करना था। सात महीने बाद अगस्त 2023 में, एक कार्यक्रम के लिए पुणे की यात्रा के दौरान पीए मोदी ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार के साथ मंच साझा किया। मोदी ने एक मेट्रो ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई और पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के लिए एक ऊर्जा संयंत्र की नींव रखी थी। सितंबर में मोदी ने अहमदनगर जिले का दौरा किया और निलवंडे बांध के बाएं किनारे के नहर नेटवर्क को लोगों को समर्पित किया था, जो 5,177 करोड़ रुपए की सिंचाई परियोजना थी और ये तीन दशकों से लंबित थी। उसी दिन, प्रधानमंत्री ने शिरडी मंदिर का दौरा किया और तीर्थयात्रियों के लिए अत्याधुनिक वातानुकूलित प्रतीक्षा कक्ष सुविधा का उद्घाटन किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 13 महीनों में महाराष्ट्र का दौरा करके नागपुर, पुणे, अहमदनगर, शिरडी, नासिक, सिंधुदुर्ग और सोलापुर जैसे कम से कम 15 महत्वपूर्ण लोकसभा क्षेत्रों को साधने की कवायद की है। इनमें मुंबई के छह लोकसभा क्षेत्र भी शामिल हैं – मुंबई दक्षिण, मुंबई उत्तर, मुंबई, दक्षिण मध्य, मुंबई उत्तर पूर्व और मुंबई उत्तर पश्चिम। इन सभी को प्रधानमंत्री ने मुंबई में अपनी दो यात्राओं के दौरान कवर किया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी के महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों के दौरे की रूपरेखा बनाई जा रही है ताकि लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले सारे इलाके को कवर किया जा सके। इसके पीछे वजह यह है कि भाजपा महाराष्ट्र की ज्यादा से ज्यादा सीटों को अपने नाम 2024 में करना चाहती है।

महाराष्ट्र में कुल 48 लोकसभा सीटें हैं। बीजेपी, शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी के साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरेगी। इसके अलावा रामदास अठावले की पार्टी भी शामिल है। महाराष्ट्र में भाजपा सबसे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जिसमें माना जा रहा है कि 30 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। इस तरह से भाजपा 30 सीट पर लड़कर भले ही सबसे ज्यादा सीटें जीत ले, लेकिन एनडीए के 2019 में जीते हुए 41 सीटों के आंकड़े को क्या हासिल कर पाएगी, क्योंकि विपक्षी गठबंधन में तीन बड़े धड़े एक साथ हैं। ऐसे में भाजपा के लिए 2019 में जीती हुई अपनी 21 सीटों को बचाए रखने के साथ-साथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी के लिए भी जीत की पटकथा लिखनी होगी। देखना है कि प्रधानमंत्री मोदी ताबड़तोड़ महाराष्ट्र के दौरे कर 2024 में किस तरह की राजनीतिक जमीन तैयार कर पाते हैं?
-अशोक भाटिया

Related Articles

STAY CONNECTED

74,237FansLike
5,309FollowersFollow
47,101SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय