मुरादाबाद- कटघर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में शामिल एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के पास से 2.314 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि भोलानाथ कॉलोनी में हड्डी मिल के पास अवैध रूप से गांजे का कारोबार चल रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू दी और मौके पर छापेमारी कर महिला को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गांजा बेचने का नेटवर्क चला रही थी महिला
पुलिस जांच में सामने आया कि भोलानाथ कॉलोनी निवासी चंद्रवती पत्नी स्व. लखपत सिंह काफी समय से गांजे की बिक्री कर रही थी। पुलिस ने जब महिला के घर छापा मारा, तो वहां से 2.314 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत महिला को गिरफ्तार कर लिया और उसे थाने ले जाया गया।
पूछताछ में बड़े खुलासे, पुलिस साथियों की तलाश में जुटी
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान चंद्रवती ने गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम और अपने नेटवर्क की जानकारी दी है। अब पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य तस्करों का पता लगाने के लिए कार्रवाई कर रही है।
कटघर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चंद्रवती नाम की महिला गांजे की तस्करी कर रही है। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला के घर छापेमारी की गई, जहां से भारी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब महिला के साथियों की तलाश में जुटी है और इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की जांच कर रही है।