Sunday, June 30, 2024

हरियाणा से महापंचायत के लिए दिल्ली जा रही महिलाएं हिरासत में लीं, जंतर-मंतर से मीडिया को भी खदेड़ा

नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों के समर्थन में रविवार काे नई दिल्ली में होने वाली महिला महापंचायत से पहले शनिवार शाम को हरियाणा में किसानों की धरपकड़ शुरू हो गई। किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस द्वारा उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है।

पंजाब से दिल्ली जा रहा महिलाओं का एक जत्था शाम को जब अंबाला के मंजी साहिब गुरुद्वारे में पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। गुरुद्वारे के गेट पर भी पुलिस जवान तैनात हैं।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

इस बीच पहलवानों ने जंतर-मंतर पर शनिवार रात 9 बजे इमरजेंसी प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई, लेकिन पुलिस ने इससे पहले ही पत्रकारों को जंतर-मंतर से खदेड़ दिया। पहलवानों का दावा है कि पुलिस पत्रकारों को उन तक नहीं पहुंचने दे रही।

उधर, किसान नेता राकेश टिकैत ने वीडियो जारी कर कहा कि महिला महापंचायत में जाने से रोकने के लिए पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं के पीछे फोर्स लगा दी है। उन्होंने अल्टीमेटम दिया कि अगर रात 10 बजे तक पुलिस फोर्स नहीं हटाई गई तो वह 11 बजे दोबारा लाइव होकर कार्यकर्ताओं से ट्रैक्टर लेकर दिल्ली निकलने को कहने को मजबूर हो जाएंगे।
हिसार के किसान नेता रणवीर मलिक ने बताया कि 9 बजे पहलवानों ने प्रेस वार्ता बुलाई है। सभी साथियों को उस पर नजर बनाए रखना है। अगर इसमें कोई फैसला हुआ तो उसके बाद की रविवार को होने वाली महिला महापंचायत को लेकर दिल्ली जाने की रणनीति बनाई जाएगी।

जंतर-मंतर पर महीनेभर से बृजभूषण सिंह के खिलाफ धरना दे रहे पहलवानों के पक्ष में रविवार को दिल्ली में नई संसद भवन के सामने महिला महापंचायत होनी है। इसके लिए पंजाब-हरियाणा से बड़ी संख्या में किसानों के जत्थे दिल्ली कूच की तैयारी कर रहे हैं।

शनिवार को मामले की स्टेटस रिपोर्ट लेकर दिल्ली पुलिस राउज एवेन्यू कोर्ट पहुंची। यहां दिल्ली पुलिस ने बताया कि पीड़ितों के धारा 164 के तहत बयान दर्ज किए गए हैं। अब मामले की सुनवाई 27 जून को होगी।

इससे पहले योग गुरु बाबा रामदेव का गुस्सा बृजभूषण पर फूटा। राजस्थान के भीलवाड़ा में बाबा रामदेव ने बिना नाम लिए कहा कि कुश्ती संघ का मुखिया रोज बहन-बेटियों के बारे में बकवास करता है। उसे तुरंत अरेस्ट करना चाहिए।
वहीं दंगल गर्ल व भाजपा नेता बबीता फोगाट ने पहलवानों के धरने को लेकर सवाल उठाए हैं। बबीता फोगाट ने ट्वीट कर हरियाणा के किसान नेता गुरनाम चढ़ूनी को आंदोलनजीवी करार देते हुए अगुआई पर सवाल खड़े किए हैं।
पहलवान 23 अप्रैल से बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक की अगुआई में जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। उन्होंने कुश्ती संघ अध्यक्ष BJP सांसद बृजभूषण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं।

इसके खिलाफ महिला पहलवानों के समर्थन में 28 मई यानी कल नए संसद भवन के सामने महिला महापंचायत होने जा रही है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी। इस पर पहलवानों ने कहा कि दिल्ली पुलिस उन्हें जहां रोकेगी, वे वहीं पर बैठकर महापंचायत करेंगे।

महिला पहलवानों के आंदोलन को पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय समर्थन मिला है। टोक्यो ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता और तीन बार की पूर्व विश्व चैंपियन जापान की रिसाको कवाई ने पहलवानों का समर्थन किया है। उन्होंने ट्वीट कर समर्थन किया है।

आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जेल से प्रधानमंत्री से उन पहलवानों को न्याय दिलाने की अपील की, जिन्होंने भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

दिल्ली जंतर-मंतर पर पहलवानों के धरने में हरियाणा की जूनियर महिला कोच भी पहुंच गई। महिला कोच ने हरियाणा सरकार के मंत्री संदीप सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। जिसके बाद संदीप सिंह से खेल मंत्रालय छीन लिया गया। हालांकि वह अभी भी सरकार में मंत्री बने हुए हैं। जंतर-मंतर पहुंचकर महिला कोच ने पहलवानों की बात सुनी और अपने साथ हुई ज्यादती के बारे में भी बताया।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,188FansLike
5,329FollowersFollow
60,365SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय