नोएडा। भारतीय किसान यूनियन ने एक बार फिर किसानों की समस्याओं को लेकर हुंकार भरने की तैयारी कर ली है। आगामी 9 अगस्त को किसान ट्रैक्टरों का काफिला लेकर सभी जिला मुख्यालयों पर कूच करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान ट्रैक्टर तिरंगा सद्भावना यात्रा निकालते हुए इस बार फिर आर पार की लड़ाई के मूड में हैं भाकियू ने साफ कर दिया है कि सरकार से इस बार पूरा हिसाब किताब होगा। 9 अगस्त को जनपद गौतमबुद्व नगर में निकाले जाने वाले ट्रैक्टर तिरंगा सद्भावना यात्रा को सफल बनाने को लेकर भारतीय किसान यूनियन के नेता गांवों व सेक्टरों में बैठकों का आयोजन कर जन समर्थन जुटाने में लगे हुए है।
इस बीच आज (मंगलवार) भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत अपनी टीम के साथ यमुना प्राधिकरण पहुंचे। जहां उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों और प्राधिकरण के सीईओ डा. अरूणवीर सिंह के साथ मुलाकात की। यमुना प्राधिकरण के बोर्ड रूम में प्राधिकरण के सीईओ डा. अरूणवीर सिंह, डीएम मनीष कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी बच्चू सिंह, ओएसडी शैलेंद्र सिंह, उप जिला अधिकारी खैर महिमा राजपूत सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करते राकेश टिकैत ने गौतमबुद्व नगर के किसानों के साथ ही बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा का भी मामला उठाया। राकेश टिकैत का कहना था कि 6 जिलों के किसानों को 64.7 फीसदी बढ़ा हुआ मुआवजा वितरित किया जाए। जिन किसानों की जमीन ली गई है उनके परिवार के लोगों को नौकरी दी जाए। इसके अलावा लीज बैक और जिन किसानों के पास भूमि नहीं है उनको प्लॉट दिया जाए।
बैठक के बाद राकेश टिकैत ने कहा कि पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अधिकारियों और किसानों के बीच सहमति बनती हुई नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी प्रकार की अडचन आएगी तो आने वाले दिनों में एक बार फिर से किसान आंदोलन करेंगे और उनके ट्रैक्टर ट्रॉली सड़कों पर दौड़ते हुए नजर आएंगे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष विमल तोमर, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विजय तालान, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, मंडल अध्यक्ष मंडल आगरा रणवीर सिंह चाहर, ओपी कमांडो, जिलाध्यक्ष अलीगढ़ सुंदर सिंह बालियान, जिलाध्यक्ष मथुरा धर्मवीर सिंह, जिलाध्यक्ष हाथरस सत्य देव पाठक, जिलाध्यक्ष बुलंदशहर अरब सिंह, जिला अध्यक्ष आगरा राजवीर लवानिया, वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष अलीगढ़ धर्मेंद्र कुमार, श्यौरान मनवीर सिंह, विमल तोमर सहित अन्य किसान नेता मौजूद रहें।