मोरना। आधी रात को निर्धन ब्राह्मण परिवार को उस समय प्रलय टूट गयी जब माँ-बेटी घर के बरामदे में सोई हुई थी कि बरामदे की छत भरभराकर गिर गयी। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने किसी प्रकार मां-बेटी को मलबे से बाहर निकालकर आनन फानन में जिला मुख्यालय पर स्थित अस्पताल में पहुँचाया जहाँ चिकित्सक ने बेटी दीपिका उर्फ चीनू को मृत घोषित कर दिया व माता सुमन का उपचार किया गया। दीपिका की मौत से परिवार में शोक छा गया है।
पुलिस ने घटना की जानकारी कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ने सहायता का आश्वासन दिया है। भोपा थाना क्षेत्र के गाँव रहमतपुर में स्व. सुकेश शर्मा की पत्नी सुमन 55 वर्ष व उसकी विवाहित बेटी दीपिका उर्फ चीनू 28 वर्ष रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि अपने मकान के बरामदे में सो रही थी कि अचानक छत गिरने से दोनों मलबे में दब गयी।
पड़ोसियों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद दोनो को मिट्टी के मलबे से बाहर निकाला तथा जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ चिकित्सक ने दीपिका उर्फ चीनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुमन का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। घायल सुमन ने बताया कि आधी रात को वह अपनी बेटी दीपिका के साथ छत के नीचे सो रही थी कि छत के चरमराने की आवाज सुनाई पड़ी। उसने हड़बड़ा कर दीपिका को जगाया, दीपिका किसी प्रकार जागी।
दोनो दरवाजे की ओर लपकी लेकिन तभी अचानक छत की कडिय़ाँ टूट गयी व छत का भारी मलबा उनके ऊपर आ गिरा। सुमन ने बचाव के लिये शोर मचाया। शोर उनकर आये पड़ोसी मोनू, नाथीराम, संजय आदि ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला। सुमन के ससुर नकलीराम व पुत्र राहुल घेर में सोए हुए थे। छोटी बहन मीनाक्षी मेरठ गयी हुई थी। दीपिका की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
मौके पर पहुँचे उपजिलाधिकारी सुबोध कुमार ने हल्का लेखपाल से विधिक कार्रवाई के बाद मुआवजे का आश्वासन पीडि़त परिवार को दिया है। मृतक दीपिका की शादी निकटवर्ती गांव छछरौली में दो वर्ष पूर्व मोहित शर्मा से हुई थी, पति-पत्नी में कलह के कारण बीते वर्ष 18 दिसम्बर को जब दीपिका के विवाद को लेकर दीपिका की ससुराल में दो परिवारों में बात चीत चल रही थी।की अचानक दीपिका के पिता सुकेश शर्मा की हृदयगति रुक जाने से मौत हो गयी थी। तभी से दीपिका उर्फ चीनू अपने मायके में रह रही थी पति पत्नी का विवाद न्यायालय में चल रहा था।