Tuesday, June 18, 2024

कार्यशालाओं में किसानों को उनके हक दिलाने का काम करेगी भाकियू, राकेश टिकैत ने पदाधिकारियों को अनुशासन का पढ़ाया पाठ

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन ने संगठन को विस्तार देने के लिए पहली बार पदाधिकारियों की कार्यशालाओं के आयोजन की पहल की है। इन कार्यशालाओं के माध्यम से भाकियू ने गांव स्तर पर ग्राम समिति बनाने, ट्रैक्टर प्रमुख बनाने, सक्रिय सदस्यता अभियान चलाने के साथ कृषि विशेषज्ञों के माध्यम से किसानों के हक और खेती संकट से निपटने के उपाय बताने का बीड़ा उठाया है। रविवार को इसकी शुरुआत नगर पंचायत पुरकाजी से की गई।

पुरकाजी में आयोजित इस पहली कार्यशाला में गढ़वाल और सहारनपुर मंडल के पदाधिकारियों को बुलाया गया। इस कार्यशाला में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती के गुर सिखाए। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वह संगठन की मजबूती के लिए ग्राम स्तर पर काम करने का तरीका सीखें। ग्राम समिति बनाकर उनकी समस्याओं को प्रशासनिक स्तर पर हल कराने का प्रयास करें। ट्रैक्टर प्रमुख बनाएं और उनका संबंधित लेखा-जोखा मुख्यालय को भेजें ताकि समय पड़ने पर ट्रैक्टर मार्च के माध्यम से आंदोलन को सफल बनाया जा सके। उन्होंने उनके अलग से आईकार्ड बनाने की भी बात की। साथ ही हिदायत भी दी कि कोई असामाजिक तत्व या गलत कामों में लिप्त व्यक्ति को ट्रैक्टर प्रमुख या सक्रिय सदस्य न बनाएं। पदाधिकारी एक दूसरे के गांव में रात्रि विश्राम का भी आयोजन करें और किसान परिवारों को उनके हक और कर्तव्यों से अवगत कराएं।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

राकेश टिकैत ने कहा कि हर पदाधिकारी कम से कम 25 सक्रिय सदस्य बनाए और उसकी जानकारी का रजिस्टर जिला मुख्यालय को अवश्य दें। साथ ही गांव के युवाओं को यूनियन की नीतियों और युवाओं को उनके अधिकार के बारे में भी जागरूक करें। युवा किसान देश की रीढ़ है और यूनियन की ऊर्जा भी। युवाओं को आगे लाने के लिए उनका प्रोत्साहन जरूरी है।

उन्होंने घोषणा की कि प्रयागराज में 15 से 17 जनवरी को होने वाले किसान कुंभ से पहले प्रदेश के सभी मंडलों में कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। गांव-गांव से उनकी समस्याओं को इकठ्ठा किया जाएगा और प्रदेश के साथ ही केंद्र सरकार से उन समस्याओं को हल कराने का हरसंभव प्रयास होगा। उन्होंने पदाधिकारियों को अनुशासन का भी पाठ पढ़ाया।

कार्यशाला को हरवीर सिहं और अफसर जाफरी ने भी संबोधित किया। उन्होंने किसानों के सामने देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों से अवगत कराया। साथ ही उन्नत खेती के नफे-नुकसान के बारे में भी आंकड़े किसानों के सामने रखे। कार्यशाला में मौजूद रहे किसान पदाधिकारियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी दिए गए। इस मौके पर उत्तराखंड के महासचिव विनय चौधरी, राष्ट्रीय सचिव ओमपाल मलिक, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी, प्रदेश महासचिव रवि, मंडल अध्यक्ष नवीन राठी, मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष योगेश शर्मा,हरिद़्वार जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री, सहारनपुर जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह, शामली जिलाध्यक्ष कालिंद्र सिंह आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,188FansLike
5,329FollowersFollow
60,365SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय