गन्ना मूल्य में ₹30 की बढ़ोतरी किसानों के साथ अन्याय, ₹500 प्रति क्विंटल की मांग—चौधरी संजीव तोमर
मुजफ्फरनगर। रामपुर तिराहा स्थित भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय कार्यालय पर शनिवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने सरकार द्वारा गन्ना मूल्य में मात्र ₹30 की बढ़ोतरी को किसानों के साथ घोर अन्याय बताया।
चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि बढ़ती महंगाई के अनुपात में यह बढ़ोतरी ऊंट के मुंह में जीरा समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस नाममात्र की वृद्धि में भी शुगर मिलें किसानों से परिवहन खर्च काट रही हैं, जिससे किसानों को वास्तविक लाभ मिल ही नहीं पा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गन्ने का न्यूनतम मूल्य ₹500 प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि संगठन लंबे समय से किसानों के हक के लिए संघर्ष कर रहा है। 19 सितंबर को लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार का घेराव किया गया था, जबकि अक्टूबर माह में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर गन्ना मूल्य ₹500 प्रति क्विंटल करने की ठोस मांग रखी गई थी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही प्रदेश भर के किसानों का बकाया भुगतान नहीं हुआ और गन्ना मूल्य पर पुनर्विचार नहीं किया गया, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज करेगा।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करते हुए चौधरी संजीव तोमर ने सनोज को देवबंद तहसील का अध्यक्ष नियुक्त किया और उन्हें किसानों के अधिकारों की लड़ाई पूरी निष्ठा से लड़ने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, प्रवक्ता चंदन त्यागी, मंडल उपाध्यक्ष साजिद, अब्दुल कलीम, अभिषेक, मनोज, जाकिर, सोनू, अनंश सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
