Sunday, April 28, 2024

मुज़फ्फरनगर के शुकतीर्थ में गंगा जी की धारा लाये योगी, बोले-डबल इंजन की सरकार अपराधियों व माफियाओं के लिए है महाकाल

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

शुकतीर्थ विकास परिषद के गठन का आश्वासन, 242 करोड़ की 77 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

मोरना। प्रसिद्ध तीर्थनगरी व भागवत उद्गमस्थली शुकतीर्थ में पधारे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 30 करोड वृक्ष लगाने के कार्यक्रम का शुभारम्भ किया तथा शुकदेव आश्रम के वट वृक्ष की परिक्रमा कर स्वामी कल्याणदेव की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मंच से जनसभा को सम्बोधित कर सरकार की उपलब्धियों को बताया व प्रत्येक व्यक्ति से वृक्ष लगाने  का संकल्प लेने को कहा, जिसके उपरान्त मुख्यमंत्री गंगा घाट पहुंचे, जहां मां गंगा का पूजन कर आरती की तथा पवित्र गंगा जल का आचमन किया। केन्द्रीय मंत्री ने मंच पर मुख्यमंत्री को रूद्राक्ष का पौधा भेंट किया।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच को सम्बोधित करते हुए कहा कि वह धन्य है जो पुन: उन्हें भागवत तीर्थस्थली आने का सुअवसर मिला है। मां गंगा की मुख्यधारा को शुकतीर्थ में लाने की मांग की गयी थी, जो संतों के आशीर्वाद से पूरी हुई है। पावन देवतुल्य मां गंगा का शुकतीर्थ में पुन: आगमन गौरवशाली क्षण है। शुकतीर्थ के कथाव्यास विश्व भर में श्रीमदभागवत कथा करते हैं। शुकतीर्थ सहित सभी तीर्थस्थलों के जीर्णोद्धार का कार्य भाजपा सरकार द्वारा किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विरासत की नई गौरवमयी गाथा लिखी जा रही है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि  बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाला कोई भी हो वो धरती पर नहीं रसातल में जाएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी यूपी में पहले बेटियों की सुरक्षा पर ग्रहण लग गया था। पलायन शुरू हो गया था। अराजकता चरम पर थी, किसान परेशान थे, नौजवान बेरोजगार था। मगर आज बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाला धरती पर नहीं रसातल में जाएगा। व्यापारियों की सुरक्षा की गारंटी डबल इंजन की सरकार दे रही है। पलायन कराने वाले खुद पलायन कर गये हैं। गरीब कल्याण और शासन की योजनाएं बिना भेदभाव के साथ उपलबध करायी जा रही हैं। आज कांवड़ियों को कोई परेशान नहीं कर सकता। आज तो उनपर सरकार पुष्प वर्षा करा रही है। पहले की सरकारों के लिए ऐसा करने में अपना वोट बैंक खिसकता दिखता था मगर आज जनता ने जातिवाद से ऊपर उठकर ऐसे लोगों को सत्ता से ही खिसका दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग चार वर्ष बाद उन्हें भागवत भूमि का दर्शन करने का अवसर प्राप्त हुआ है। मां गंगा की पवित्र धारा का शुक्रतीर्थ से होकर गुजरने का सपना आज साकार हो रहा है। मां गंगा इस लोक में कोटि कोटि जीवों के जीवन में सुख और समृद्धि का संचार कर रही हैं और अब इनकी धारा शुक्रतीर्थ से होकर गुजरेगी। पूरी दुनिया में फैले भारतवंशी यहां के कथा व्यास को बुलाकर श्रीमद भागतव कथा का श्रवण करके अपने जीवन को धन्य करते हैं। ये भारत को भारत बनाने वाली भूमि है। शकुंतला पुत्र महाराज भरत ने यहीं जन्म लेकर हस्तिनापुर की विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य किया।

योगी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और विरासत की नई गाथा को आगे बढ़ा रहा है। काशी में विश्वनाथ धाम हो या सोमनाथ से लेकर केदारनाथ, बद्रीनाथ और महाकाल का पुनरोद्धार। यही नहीं अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर आकार ले रहा है। ये कार्य पहले भी हो सकता था, मगर पहले की सरकार के पास आपकी आस्था को सम्मान देने की फुर्सत नहीं थी। उन्होंने न विरासत को सम्मान दिया, ना विकास को आगे बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द शुक्रतीर्थ विकास परिषद का गठन करने जा रही है। इससे विकास को नया आयाम मिलेगा, कनेक्टिविटी बढ़ेगी, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और विकास के नये नये द्वार खुलेंगे। आज ओडीओपी में शामिल मुजफ्फरनगर का गुड़ पूरी दुनिया में मिठास घोल रहा है।

उन्होने कहा कि शुक्रदेव जी की प्रेरणा से आज पूरे प्रदेश में 30 करोड़ वृक्ष लगाए जा रहे हैं। उन्होने सभी से अपील करते हुए कहा कि 100 साल से पुराने वृक्ष को काटने की जगह विरासत वृक्ष के रूप में सम्मान दीजिए। वृक्ष ना सिर्फ हमें आक्सीजन देते हैं बल्कि जल संरक्षण भी करते हैं। आज पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग को लेकर परेशान हैं। ऐसे में हमारा दायित्व है कि हम अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और विरासत वृक्षों का सम्मान करें। हर व्यक्ति ये संकल्प ले कि वो एक पेड़ जरूर लगाएगा और उसकी सुरक्षा भी करेगा। क्योंकि हमारे यहां मान्यता है कि मां का दूध तभी फलीभूत होता है, जब वो एक फलदार वृक्ष लगाता है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम के भव्य मन्दिर का निर्माण तेजी से प्रगति पर है। भाजपा की सरकार विरासत की रक्षा करना जानती है। क्षेत्र के अन्नदाताओं ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के अन्तर्गत गुड को पूरे विश्व में ख्याति मिली है। पूर्व की सरकारों ने विरासत का सम्मान नहीं किया। पूर्व सरकारों को आस्था से कोई वास्ता नहीं था। वह केवल अपना वोट बैंक खिसकने से डरती थी। आज शिव भक्तों पर पुष्पवर्षा होती है, आस्था का सम्मान होता है। वोट बैंक खिसकने का भय करने वालों को जनता ने हमेशा के लिए सत्ता से खिसका दिया है, जहां से वह वापस नहीं आयेंगे।

वृक्षारोपण पर दिया बल-मुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण पर जोर देते हुए कहा कि 3० करोड़ वृक्ष लगाने का लक्ष्य शाम तक पूरा कर लिया जाएगा। 100  वर्ष पुराने वृक्ष का संरक्षण करें। वृक्ष हमारी विरासत है। वृक्षों से धरती को हरा-भरा कर प्रकृति को सुन्दर बनाने का संकल्प लेकर प्रत्येक व्यक्ति वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाये तथा उसका संरक्षण भी करें। मुख्यमंत्री ने हैलीपैड के निकट पीपल का पौधा लगाया। सीएम ने प्रदेश में वृक्षारोपण अभियान का भी शुभारम्भ किया।

जनता में दिखा जोश-मुख्यमंत्री की जनसभा में भारी भीड उपस्थित रही। सभा के दौरान जय श्रीराम, भारत माता की जय, हर हर महादेव के नारे लगते रहे। भारी भीड को संभालने के लिए यातायात व्यवस्था बनाई गयी थी। मोरना से शुकतीर्थ तक वाहनों का काफिला मौजूद रहा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान शुकतीर्थ को सील किया गया था। गंगा घाट, शुकदेव आश्रम व सभा स्थल तक जाने वाले मार्ग पर कडी सुरक्षा की गयी थी तथा वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया था।

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम-12:40  पर हैलीपैड, 12:45 वृक्षारोपण तथा गौमाता को गुड खिलाया, 12:50  शुकदेव आश्रम, 1:18 पर जनसभा स्थल, 2:11 सम्बोधन समाप्त, 2:15 गंगा घाट, 2:45 पर वापस प्रस्थान

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सराहना-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास में पश्चिमी उत्तर प्रदेश आधार है। पश्चिम की महिलाओं, युवाओं सभी के सहयोग का वह धन्यवाद करते हैं। विकास में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता है। सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के तथा बिना किसी भ्रष्टाचार के लाभार्थी को मिल रहा है।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,237FansLike
5,309FollowersFollow
47,101SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय