नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना जेवर क्षेत्र के थोरा गांव में खेतों में फसल खा रही एक गाय को निकालने पहुंचे बुजुर्ग पर गाय ने हमला कर दिया। बुजुर्ग को बचाने पहुंचे उनके भतीजे पर भी गाय ने बुरी तरह से हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों चाचा-भतीजे को जेवर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कृपाल पुत्र घनश्याम उम्र 60 वर्ष को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया जबकि राजेंद्र पुत्र सुभाष का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि थोरा गांव निवासी कृपाल सिंह के खेतों में गाय फसल का नुकसान कर रही थी। खेतों में फलस को नुकसान होता देख कृपाल सिंह गाय को खेतों से भगाने के लिए गए, लेकिन गाय ने उन पर आक्रमक हमला बोल दिया। दूर से देख रहे कृपाल सिंह के भतीजे राजेंद्र गाय से चाचा को बचाने के लिए खेत पर पहुंचे लेकिन खूंखार रूप धारण किए गाय ने उसको भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दोनों को घायल देख ग्रामीण एकत्र होकर खेतों पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को गाय के चंगुल से बचाते हुए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने कृपाल सिंह को मृत्यु घोषित कर दिया। जबकि राजेंद्र सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं ग्रामीणों की शिकायत पर यमुना प्राधिकरण की टीम खूंखार हो चुकी गाय को पकड़ने के लिए गांव पहुंची। बताया जा रहा है कि गाय को पकड़ का एक गौशाला ले जाया गया है। इस घटना से गांव के लोग सहमें हुए हैं।