मुरिगंगा नदी में डूबा बांग्लादेशी मालवाहक जहाज, सभी 12 नाविक सुरक्षित
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिला स्थित मुरिगंगा नदी में एक बांग्लादेशी मालवाहक जहाज के डूबने की घटना से तटीय इलाकों में बुधवार रात हड़कंप मच गया। यह हादसा बुधवार शाम कचुबेरिया के पास मुरिगंगा नदी के बीचों बीच हुआ। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जहाज कोलकाता बंदरगाह से माल लेकर बांग्लादेश की ओर जा रहा था। दुर्घटनाग्रस्त जहाज का नाम एमवी तामजीद एंड नासिर बताया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जहाज के इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण जहाज नियंत्रण खो बैठा और नदी की तेज धारा की चपेट में आ गया। कुछ ही समय में जहाज के निचले हिस्से में दरार पड़ गई और उसमें पानी भरने लगा। स्थिति बिगड़ती देख जहाज पर सवार नाविकों ने तुरंत मदद की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही सागर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित बचाव अभियान शुरू किया गया। जहाज पर मौजूद सभी 12 बांग्लादेशी नाविकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बचा लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सभी बचाए गए नाविकों को प्राथमिक उपचार भी दिया गया।
बता दें कि, मुरी गंगा नदी पश्चिम बंगाल राज्य के दक्षिण 24 परगना जिले में हुगली नदी की एक वितरिका है, जिसे बरतला नदी या चैनल क्रीक भी कहा जाता है। बंगाल की खाड़ी में मिलने से पहले, हुगली नदी दो भागों में बंट जाती है, जिनमें से एक धारा सागर द्वीप के पूर्व से होकर गुजरती है। इस धारा को बरताला नदी या चैनल क्रीक कहा जाता है, जिसे स्थानीय रूप से मुरी गंगा के नाम से जाना जाता है।
फिलहाल, यह जांच की जा रही है कि डूबा हुआ जहाज किस प्रकार का माल लेकर जा रहा था। साथ ही इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि नदी में किसी तरह का तेल या हानिकारक रसायन तो नहीं फैला है। एहतियातन पर्यावरण विभाग को सूचित कर दिया गया है और नदी के पानी की जांच की तैयारी की जा रही है।
इस घटना के चलते कुछ समय के लिए मुरिगंगा नदी मार्ग पर नौवहन बाधित रहा। कई लॉन्च और मालवाहक नौकाओं को सावधानी के तौर पर वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया। स्थानीय मछुआरे भी संभावित प्रदूषण को लेकर चिंतित नजर आए।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। साथ ही डूबे हुए जहाज को जल्द से जल्द नदी से निकालने की योजना भी बनाई जा रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।
