Thursday, September 19, 2024

भाला फेंक में नीरज का स्वर्णिम अभियान

सावन के पवित्र माह में चंद्रयान-3 की अभूतपूर्व सफलता के बाद भाला फेंक में नीरज चोपड़ा ने देशवासियों को नए सिरे से गौरवान्वित होने का मौका दे दिया। इस वर्ष का अधिमास सहित सावन अंतरिक्ष व क्रीड़ा जगत में नयी क्रांति का माह बन रहा है। भारत के नीरज चोपड़ा ने हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित विश्व एथलेटिक्स चैपिंयनशिप के फाइनल में पहली बार स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है।

भाला फेंक में भारत को स्वर्ण दिलाने वाले वह पहले भारतीय एथलीट बन गये हैं। नीरज की सफलता से आज संपूर्ण भारत गर्वित व आनंदित है। नीरज की स्वर्णिम सफलता पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित पूरे देश ने बधाई दी है। नीरज ने इस सफलता के साथ ही अगले ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। नीरज ने फाइनल में 88.17 मीटर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक जीता।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

बुडापेस्ट एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पहली बार भारत के तीन खिलाड़ी भाला फेंक प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने में सफल रहे। जिसमें किशोर जेना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पांचवें स्थान पर रहे जिनका स्कोर 84.77 और डीपी मनु छठे स्थान पर रहे जिनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84.14 रहा। नीरज चोपड़ा के लिए यही एक प्रतियोगिता बची थी जिसमें उन्हें स्वर्ण नहीं मिला था और वह सपना भी इस बार पूरा हो गया है। इससे पूर्व वह इसी प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त कर चुके हैं।

इससे पूर्व टोक्यो ओलम्पिक में नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। तब नीरज ने 87.58 मीटर की थ्रो के साथ भारत की झोली में पहला स्वर्ण डाला था जिसके साथ ही पूरा देश खुशी से झूम उठा था और नीरज को कई मंचों पर सम्मानित किया गया था।

भाला फेंक प्रतियोगिता में नीरज भारत के युवाओं के लिए आदर्श बनकर उभरे हैं। जब नीरज ने पहली बार ओलंपिक में स्वर्ण जीता तो संपूर्ण भारत में उनके व भाला फेंक के लिए दीवानगी युवाओं में देखी गयी थी। आज भारत में 7 अगस्त को इसलिए भाला फेंक दिवस भी मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने इतिहास रचा था।

यही कारण है कि भाला फेंक में अगस्त का महीना क्रांति ला रहा है। 7 अगस्त को पूरे भारत में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य भारत में जेवलिन थ्रो को बढ़ावा देना है।

नीरज चोपड़ा के खेल जीवन की यात्रा नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2012 में स्वर्ण पदक जीतने से प्रारम्भ हुई जो अभी तक जारी है। नीरज ने 2018 के एशियाई खेलों व 2020 के ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता। वर्ल्ड चैंपियनशिप 2022 में सिल्वर पदक जीता।2018 में नीरज को अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके बाद इन्हें 2020 में विशिष्ट सेवा मेडल, 2021 में मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड, 2022 में पद्मश्री और परम विशिष्ट सेवा मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है।

नीरज चोपड़ा ने मई 2023 में दोहा डायमंड लीग में 88.67 मीटर से भाला फेंक कर पहला स्थान प्राप्त कर देश को गर्वित किया था। नीरज आज देश के युवाओं को एक उर्जावान संदेश दे रहे हैं और हर भारतवासी को आनंदित कर रहे हैं।
-मृत्युंजय दीक्षित

Related Articles

STAY CONNECTED

74,334FansLike
5,410FollowersFollow
107,418SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय