Thursday, April 25, 2024

इसीलिए देश का स्वच्छतम शहर है इंदौर, पांच घंटे गेर की धूम, डेढ़ घंटे में सड़कें साफ !

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

इंदौर। लगातार छह साल से देश के स्वच्छतम शहर की उपलब्धि हासिल करने वाले इंदौर को यह तमगा ऐसे ही नहीं मिल गया है। रंगपंचमी के मौके पर इंदौर ने इस बात को फिर सिद्ध कर दिया है कि वास्तव में यह देश का स्वच्छतम शहर है। दरअसल, रविवार को इंदौर में रंगपंचमी पर करीब पांच घंटे तक रंगबिरंगी गेर (होली खेलने वालों के जुलूस) की धूम रही। राजवाड़ा समेत आसपास की सड़कें होली के रंगों में रंगी नजर आई। जैसे ही गेर खत्म हुई, सफाईकर्मियों ने मोर्चा संभाला और महज डेढ़ घंटे में ही सड़कों को चकाचक कर दिया। ऐसा लगा मानो यहां कुछ हुआ ही नहीं हो।

रविवार को रंगपंचमी पर सुबह 11 बजे से गेर निकलनी शुरू हुई। इस दौरान शहर के अलग-अलग मार्गों से रंग उड़ाते हुए जुलूस निकल रहे थे। लाखों लोगों का हुजूम गेर को देखने के लिए उमड़ा। गेर से आसमान सतरंगी हो गया। जहां तक नजर पहुंची, वहां जमीन से लेकर आसमान तक उड़ते रंग-गुलाल नजर आए। लोगों का उत्साह चरम पर दिखा। जैसे-जैसे गेर आगे बढ़ी, लोगों का हुजूम बढ़ता गया। गेर का यह सिलसिला शाम चार बजे तक चला।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

गेर खत्म होने के बाद नगर निगम के करीब 550 कर्मचारियों की टीम मशीनों के साथ मैदान में उतरी। सड़कों पर फैले रंग-गुलाल, थैलियां, चप्पल-जूते, कपड़ों के टुकड़ों को साफ करने में जुट गई। अलग-अलग हिस्सों में कर्मचारियों ने मैदान संभाला और एक से डेढ़ घंटे में ही सड़कें साफ कर दी।

इंटरनेशनल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी के सीईओ मोहन पांडेय ने बताया कि सफाई कर्मचारियों का अमला, 15 स्वीपिंग मशीन, 5 हाइप्रेशन जेट्स लेकर जुटा था। 10 कचरा कलेक्शन वाहन, 10 से ज्यादा ट्रैक्टर भरकर जूते-चप्पल व अन्य कचरा भरकर ले जाया जा चुका हैं। पिछले साल से तीन से चार गुना कचरा ज्यादा है। केवल राजवाड़ा पर 8 से 10 टन कचरा हुआ है। वहीं नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर सिद्धार्थ जैन ने बताया कि राजवाड़ा और उसे जोड़ने वाले सभी रास्तों की सफाई की गई। हमने एक से डेढ़ घंटे में ही राजवाड़ा को साफ कर दिया है।

गेर की शुरुआत के पहले राजवाड़ा और आसपास का इलाका जैसा था, कर्मचारियों की कुछ घंटों की मेहनत के बाद उसे वापस वैसा ही कर दिया। सुबह जहां लाखों लोग राजवाड़ा और उसके आसपास थे। दोपहर में सफाई के बाद लगा ही नहीं कि यहां इतने लोगों ने रंग गुलाल खेला होगा।

गेर के शांतिपूर्ण सफल आयोजन पर कलेक्टर ने जताया आभार
रंग पंचमी पर इंदौर के ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत गेर के निर्विध्न एवं शांतिपूर्ण सफल आयोजन पर कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी. ने इंदौर के नागरिकों, गैर आयोजकों और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह समग्र रूप से इन्दौरवासियों के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने ग़ेर में सहभागी बने सभी शासकीयसेवकों, नगर निगम कर्मचारियों, सफाईकर्मियों, विद्युत मंडल के कर्मचारियों सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों तथा मीडियाकर्मियों को भी बधाई देते हुए सभी के सक्रिय योगदान पर साधुवाद दिया है।

तत्परतापूर्वक सफाई करने पर जताया हर्ष
कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी. ने गेर की समाप्ति के तुरंत बाद नगर निगम के सफ़ाई कर्मचारियों द्वारा राजबाड़ा क्षेत्र की साफ़ सफ़ाई को समय सीमा में पूर्ण करने पर प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यही इंदौरी जज़्बा है, जो हमें वास्तव में सर्वश्रेष्ठ बनाता है।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,237FansLike
5,309FollowersFollow
47,101SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय