Sunday, September 8, 2024

नोएडा में करोड़पति बनने का दो महिलाओं ने देखा ख्वाब, 21.50 लाख गंवाए

नोएडा। पार्ट टाइम नौकरी कर घर बैठे करोड़ों रुपये कमाने का झांसा देकर साइबर जालसाजों ने दो महिलाओं के साथ 21 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित महिलाओं ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में की है।
साइबर क्राइम थाने के प्रभारी निरीक्षक सुश्री रीता यादव ने बताया कि शिकायत में बरौला निवासी अलका सक्सेना ने कहा है कि बीते दिनों पार्ट टाइम नौकरी के संबंध में उसके टेलीग्राम आइडी पर एक मैसेज आया, जिसमें एक से तीन हजार रुपये रोजाना मुनाफा कमाने की बात कही गई। संबंधित एप से जुड़ने और मुनाफा कमाने के लिए जालसाजों ने साढ़े दस हजार रुपये महिला को जमा करने को कहा। महिला ने पति और खुद के खाते से यह रकम जालसाजों द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दी। उसे 27 हजार रुपये का मुनाफा भी हुआ। इसके बाद प्रीपेड टास्क के तहत निवेश पर चार गुना मुनाफा कमाने का झांसा जालसाजों ने महिला को दिया। झांसे में आने के बाद महिला ने कई बार में जालसाजों द्वारा बताए गए खाते में 11 लाख 19 हजार 845 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसपर और पैसे निवेश करने का दबाव बनाया जाने लगा तो उसे ठगी की आशंका हुई। पैसे वापस मांगने पर जालसाजों ने महिला को टेलीग्राम ग्रुप से बाहर कर दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि इसके अलावा सेक्टर-73 स्थित वेलिंग्टन एमराल्ड अपार्टमेंट निवासी एक महिला के साथ जालसाजों ने दस लाख 32 हजार 900 रुपये की ठगी कर डाली। शिकायत में चार्ली मरियममा ने बताया कि बीते दिनों उन्हें व्हाट्सऐप पर एक मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें पार्ट टाइम नौकरी कर दो से तीन गुना मुनाफा कमाने की बात कही गई थी। मंजूरी मिलने के बाद शिकायतकर्ता को एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। महिला को जालसाजों ने कुल 25 टास्क दिए और प्रतिदिन पांच टास्क पूरा करने को कहा। टास्क के तहत महिला ने पहले चरण में दस हजार रुपये का निवेश किया जिसपर उसे दो हजार 600 रुपये का मुनाफा हुआ और रकम खाते में आ गई। बाद में भी कई स्टेप तक मुनाफे की रकम शिकायतकर्ता के खाते में आती रही। इसके बाद और अधिक मुनाफा होने की बात कहकर जालसाजों ने महिला से कई बार में दस लाख से ज्यादा की रकम ट्रांसफर करा ली और उसे ग्रुप से बाहर कर दिया। महिला ने करीबियों और दोस्तों से रकम उधार लेकर भी जालसाजों द्वारा बताए गए खाते में डाली थी।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,334FansLike
5,410FollowersFollow
107,418SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय