Tuesday, September 17, 2024

नोएडा में युवक ने की आत्महत्या, छात्र समेत दो की संदिग्ध मौत

नोएडा। थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के मोरना गांव में रहने वाले एक 22 वर्षीय युवक ने मानसिक तनाव के चलते पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया है। इसके अलावा छात्र समेत दो लोगों की ऊचांई से गिरने से संदिग्ध हालात में मौत हो गई है।
थाना सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि सौरव पुत्र राम किशोर उम्र 22 वर्ष ने अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया है। उन्होंने बताया कि थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि इको विलेज-वन सोसायटी में रहने वाले 12वीं के छात्र सक्षम शर्मा (17) की सोसायटी की टावर ए-3 से गिरकर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इस घटना को पुलिस हत्या या आत्महत्या दोनों एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। सक्षम के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अब घर में सिर्फ मां और बहन बची है। वहीं थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि सक्षम शर्मा स्कूल से पढ़कर लौटा था।
इसके बाद वह अकेले ही सोसायटी में पहुंचा। वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों में देखा जा सकता है कि गेट से वह अकेला ही अंदर गया। टावर ए-3 में भी वह अकेले ही जा रहा है। टावर ए-3 में जाने के कुछ देर बाद ही उसे नीचे गिरा पाया गया है। वह किस मंजिल से नीचे गिरा है यह भी पता नहीं चला है। देर रात तक जब सक्षम घर नहीं पहुंचा तो उसकी खोजबीन शुरू हुई।
बाद में रात के 8 बजे पता चला कि टावर से गिरने वाला सक्षम है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सक्षम की दोस्ती सोसायटी में टावर बी-9 में रहने वाले एक लड़के से थी। वह अक्सर उससे मिलने आता था। सक्षम टावर-ए-3 से नीचे गिरा है। इस टावर में उसका कोई परिचित नहीं है। वह इस टावर में क्यों गया, इस बात की भी जांच की जा रही है। थाना बिसरख क्षेत्र के गैलेक्सी नॉर्थ एवं यू गौर सिटी-वन सोसायटी में रहने वाला एक 42 वर्षीय व्यक्ति 15वीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गया। इस घटना में उसकी मौत हो गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि अशोक गर्ग पुत्र रमेश चंद निवासी गैलेक्सी नॉर्थ एवेन्यू-दो गौर सिटी-प्रथम अपने फ्लैट के 15वीं मंजिल से नीचे गिर गए। इस घटना में उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक की परिजनों के अनुसार बालकनी से पैर फिसलने की वजह से वह नीचे गिर गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,334FansLike
5,410FollowersFollow
107,418SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय