नोएडा। नोएडा के थाना फेस वन क्षेत्र के सेक्टर दो स्थित कोजिटो कंपनी प्रबंधन न लगभग 80 कर्मचारियों को बिना नोटिस के नौकरी से निकाल दिया। इसके बाद बाहर किए गए कर्मचारियों ने कंपनी परिसर के अंदर ही हंगामा करना प्रारंभ कर दिया। हंगामा बढ़ता देख कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों की मांग की कि या तो उन्हें स्थायी किया जाए या फिर तीन महीने की एडवांस में उन्हें सैलरी दी जाए।
अपर पुलिस उपायुक्त शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि लेबर विभाग के अधिकारी कंपनियों के प्रबंधक और श्रमिकों के बीच वार्ता करवाई गई। वार्ता के बाद श्रमिकों ने अपना विरोध प्रदर्शन स्थगित कर दिया। वही अबतक कोई ठोस नतीजा निकल कर सामने नहीं आया है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि कर्मचारियों को एग्रीमेंट के तहत महज 180 दिन के लिए रखा गया था। यह अवधि पूरी होने के बाद ही कर्मचारियों को बाहर निकाला गया है। सभी कर्मचारियों को छह महीने की सैलरी दी गई है।
कंपनी को मेडिकल एनोटेशन संबंधी प्रोजेक्ट मिला था। प्रोजक्ट के लिए कर्मचारियों को भर्ती किया गया था। कंपनी में 700 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। अंदर हंगामा होता देख कंपनी के गेट के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई जिससे अल्प समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।
बतौर टीम लीडर प्रोजेक्ट से जुड़े ग्रेटर नोएडा के गौरव कुमार ने बताया कि जब उन्हें कंपनी में नौकरी मिली तो लगा कि अब सबकुछ अच्छा होगा। छह महीने से सबकुछ सामान्य तरीके से चल रहा था। बृहस्पतिवार को जैसे ही गौरव और उनके साथी कंपनी पहुंचे प्रबंधन की ओर से बताया गया कि आज उनकी नौकरी का अंतिम दिन है। इसके बाद कर्मचारियों ने हंगामा करना प्रारंभ कर दिया।