शामली। शामली के सिटी ग्रीन्स में 25 से 27 मार्च 2025 तक आयोजित जनपद स्तरीय मेले के दूसरे दिन ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा विभाग के राज्यमंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जिलाध्यक्ष तेजेन्द्र निर्वाल, जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान, पुलिस अधीक्षक राम सेवक गौतम, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
राज्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ देने पर जोर दिया। इसके बाद, उत्तर प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूर्ण होने पर एक विशेष लघु फिल्म और महाकुंभ प्रयागराज-2025 पर केंद्रित फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी कलेक्टर/जिला प्रोबेशन अधिकारी हामिद हुसैन द्वारा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड के तहत 3 लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए। सहायक व्यक्ति इम्पैनलमेंट में 10 लोगों को सहायता दी गई, जबकि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कक्षा 10 और 12 में जिले में टॉप करने वाली 17 छात्राओं को सम्मानित किया गया।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने 5 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, 5 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और 1 दिव्यांग को स्मार्ट केन प्रदान की। जिला कार्यक्रम अधिकारी यामिनी रंजन ने 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और 5 बच्चों के अन्नप्राशन की रस्म पूरी करवाई।
पोषण और शालापूर्व शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए मुख्य सेविका गजेश सैनी, ममता देवी, सुदेश भारती, पुनीता देवी और राजेश्वरी को सम्मानित किया गया। इनकी देखरेख में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 3000 से अधिक लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है।
मुज़फ्फरनगर में दबंगों के हौंसले बुलंद, पुलिस कर्मी को ठेकेदार ने फोन पर धमकाया, मुकदमा दर्ज
राज्यमंत्री डॉ. सोमेन्द्र तोमर ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, जो कभी बीमारू प्रदेश कहलाता था, आज देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने बीते 8 वर्षों में प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किए हैं।
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने जनपद की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न विभाग पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ देने के लिए प्रयासरत हैं। पुलिस अधीक्षक राम सेवक गौतम ने पुलिस विभाग की 8 वर्षों की उपलब्धियां साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी। प्रदर्शनी में लगे फूड कोर्ट के व्यंजनों का भी लोगों ने आनंद लिया। इसके अलावा विधानसभा, विकासखंड और नगरीय निकाय स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित हुए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सत्य राम यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए प्रेम चन्द, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. हरेंद्र सहित सभी विभागों के अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, पार्टी कार्यकर्ता और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।