बागपत: उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दुडभा बस स्टेशन का निरीक्षण किया, गुणवत्ता और सुरक्षा पर दिया जोर
बागपत। जनपदवासियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुडभा क्षेत्र में निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टेशन का उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने निरीक्षण किया। लगभग 3 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से बन रहा यह बस स्टेशन बागपत की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है।
उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टेशन के नक्शे, डिजाइन ड्राइंग और तकनीकी दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने परियोजना की संरचनात्मक रूपरेखा, ले-आउट प्लान सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता, सुरक्षा एवं यात्रियों की सुविधा को केंद्र में रखकर समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह परियोजना जनता के धन से बन रही है, इसलिए गुणवत्ता, सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की बारीकी से समीक्षा की। कई स्थानों पर मानकों के अनुरूप कार्य न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को मौके पर ही सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टेशन यात्रियों के लिए सुविधा, सुरक्षा और भरोसे का केंद्र होना चाहिए। यदि निर्माण में ही कमियां रह जाएंगी, तो भविष्य में आमजन को असुविधा झेलनी पड़ेगी।
उप मुख्यमंत्री ने स्टेशन परिसर में बने स्टेशन प्रभारी कक्ष, यात्रियों के लिए कैंटीन और शौचालयों का निरीक्षण किया। फर्श पर बिछाई गई टाइल्स कई स्थानों पर टूटी और सही ढंग से न लगी मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर कार्यकारी एजेंसी अथवा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
बस स्टेशन परिसर में बिछाई गई सीमेंटेड ईंटें कई स्थानों पर समतल न पाए जाने पर उप मुख्यमंत्री ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समतलीकरण की कमी से यात्रियों को चलने में परेशानी होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ेगी। इसी क्रम में इंटरलॉकिंग टाइल्स के हिलने की शिकायत पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और इन्हें तकनीकी मानकों के अनुसार दोबारा ठीक कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने उप मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि दिए गए सभी निर्देशों का शीघ्र अनुपालन किया जाएगा। इस दौरान समस्त संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
