मेरठ में 'कोल्ड अटैक': पहाड़ों जैसी ठंड और घने कोहरे की चपेट में पश्चिम यूपी, 25 जिलों में रेड अलर्ट
मेरठ। दिसंबर के आखिरी हफ्ते में मेरठ में मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मेरठ में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर और घना कोहरा छाए रहेंगा। जिससे तापमान 7-9 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। मेरठ ही नहीं पश्चिम यूपी के जिलों शामली, सहारनपुर, बागपत, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद,बिजनौर और आसपास के जिलों में ठंड और कोहरा यातायात और रोज़मर्रा की ज़िंदगी को प्रभावित हो रही है। इसके अलावा, 27-28 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिम यूपी से सटे उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर सूरज देव के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान मेरठ और पश्चिम यूपी के जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में ठंडी हवाएं चलीं। हालांकि, हवा की गति लगातार कम है। फिलहाल, हवाएं 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। उम्मीद है कि हवा की यह धीमी गति एक जनवरी तक ऐसे ही बनी रहेगी। जिसमें हवाएं लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी।
उत्तर प्रदेश में मौसम पहाड़ों जैसा ठंडा हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। आईएमडी ने अगले 24-48 घंटों के लिए कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। 25 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, और कई इलाकों में घना कोहरा छाने की उम्मीद है।
