Amroha News: अमरोहा नगर स्थित रोडवेज के पीछे बने 60 बेड वाले शेल्टर होम में चोरी की घटना ने नगर पालिका व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोरों ने रात के समय कमरों के ताले तोड़कर लिहाफ, गद्दे और अन्य जरूरी सामान उड़ा लिए।
डेढ़ माह से ड्यूटी से गायब कर्मचारी पर गिरी गाज
नगर पालिका द्वारा नियुक्त कर्मचारी मोहम्मद हुसैन पिछले लगभग डेढ़ माह से ड्यूटी से नदारद चल रहा था। प्रशासन की ओर से कई नोटिस भेजे जाने के बावजूद उसने कोई जवाब नहीं दिया। चोरी की घटना सामने आने के बाद उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
दो अन्य कर्मियों की भी मिली लापरवाही
शेल्टर होम में तैनात अन्य दो कर्मचारी-दिलशाद और ज्योति स्वरूप-भी अक्सर बिना सूचना अनुपस्थित रहते थे। प्रशासन का मानना है कि इसी गैर-जिम्मेदारी का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। दोनों कर्मचारियों के वेतन आहरण पर रोक लगा दी गई है।
पालिका प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
पालिका ईओ डॉ. बृजेश कुमार ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि शेल्टर होम की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी की जाए।