Saturday, May 18, 2024

जनता की कसौटी पर खरी नहीं उतर रही है योगी सरकार :-कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

देवबंद/सहारनपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा आज अपने दूसरे दिन देवबंद विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। दारूल उलूम की नगरी देवबंद में यात्रा के दौरान मुस्लिमों का भारी समर्थन मिलने से कांग्रेस नेता गद्गद थे। साथ चल रहे वरिष्ठ नेता इमरान मसूद ने उनके अपने जनपद सहारनपुर में इस यात्रा को मिले समर्थन के लिए लोगों का आभार जताया। देवबंद में सांपला रोड़ पर कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार जनआकांक्षाओं की कसौटी पर खरी नहीं उतर रही है। योगी आदित्यनाथ ने चुनाव के दौरान जनता से किए वायदों को पूरा नहीं किया है। उत्तर प्रदेश सरकार किसान विरोधी है। गन्ने के मूल्य में बढ़ोत्तरी नहीं की गई है जबकि पिछली तमाम सरकारों के दौरान हर साल 20 रूपए प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य बढ़ाया जाता था।

अजय राय ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने सिंचाई के लिए किसानों को नि:शुल्क बिजली देने का वायदा किया था जिसे पूरा नहीं किया गया। इसी तरह हर तरह का व्यापारी और कारोबारी परेशान है। युवा बेरोजगार है। मजदूरों के पास काम नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल ही में बीजेपी के सोनभद्र के विधायक रामदुलार को नाबालिक बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में सजा सुनाई गई है। भाजपा नेतृत्व ने जिसका नारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ है रामदुलार के कुकर्म से अवगत थी। फिर भी उसने रेपिस्ट रामदुलार को टिकट देकर महिमा मंडित करने का काम किया है। इसी तरह उन्नाव के भाजपा विधायक सेंगर पर भी आरोप लगे थे।

Royal Bulletin के साथ जुड़ने के लिए अभी Like, Follow और Subscribe करें |

 

अजय राय ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस शानदार प्रदर्शन करेगी। उनकी पार्टी के सभी नेता यूपी जोड़ो यात्रा में जी-जान से शामिल हैं। यह यात्रा सहारनपुर के गंगोह से कल शुरू हुई थी आज उसका नानौता,  बड़गांव और देवबंद में स्वागत हुआ। कस्बा बड़गांव में अजय राय और उनके साथियों ने महाराणा की प्रतिमा पर माल्र्यापण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

अजय राय के नेतृत्व में इस पदयात्रा में प्रदीप नरवाल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष प्रमोद पांडे, प्रदेश सचिव अशोक सैनी, उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष ओमवीर यादव समेत सभी प्रमुख पदाधिकारी शामिल हैं। अजय राय ने कहा कि लखनऊ में इस यात्रा का जोशो-खरोश के साथ समापन होगा। संवाददाता से बातचीत में अजय राय ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश से 38 सालों से बाहर है। लेकिन उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरणा लेकर यूपी जोड़ो यात्रा की शुरूआत की है।

उन्होंने कहा कि भाजपा अलग-अलग राज्यों में उपभोक्ताओं को अलग-अलग रेट पर गैस सिलेंडर दे रही है। जहां भी चुनाव होते हैं वहीं सिलेंडर के दाम घटा दिए जाते हैं। जबकि भाजपा को पूरे देश में 400-500 रूपए की दर से गैस सिलेंडर देने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन इंडिया के बैनर तले चुनाव लड़ेगी। इस सवाल के जवाब में कि कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी राय का कहना था कि यह निर्णय कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा।।सहारनपुर जिले में यात्रा के दौरान जिले के जो प्रमुख कांग्रेस नेता शामिल रहे उनमें इमरान मसूद,  फिरोज आफताब,  जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली आदि शामिल थे। देवबंद में यात्रा को पुराने कांग्रेसियों से भी भरपूर सहयोग मिला। देवबंद से यह यात्रा कल मुजफ्फरनगर जनपद में पुरकाजी होते हुए प्रवेश करेगी।

Related Articles

STAY CONNECTED

74,188FansLike
5,319FollowersFollow
50,181SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय