बागपत। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने एक दिवसीय जनपद बागपत भ्रमण के दौरान श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, छपरौली में चौधरी अजित सिंह की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री योगी ने इस दौरान बागपत को मुख्यमंत्री ने 351 करोड़ की 281 विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने परियोजनाओं का लोकार्पण किया। जिसमें कनेक्टिविटी, सड़क निर्माण, शिक्षण संस्थानों की स्थापना और औद्योगिक विकास की योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं में 11 विभागों की 121 परियोजनाओं का शिलान्यास (215.85 करोड़) और 160 परियोजनाओं (135.44 करोड़) का लोकार्पण किया गया। प्रमुख घोषणाओं में शामिल हैं बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण (लगभग ₹45 करोड़), छपरौली से बिजवाड़ा रजवाहा माखर नहर पटरी (18 किमी, लगभग ₹16 करोड़), नैथला मोड़ से राजपुर खामपुर मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण (13.72 किमी, लगभग ₹18 करोड़), बागपत-मुरादनगर मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण (9 किमी, लगभग ₹24 करोड़), बागपत में नया बस स्टेशन (लगभग ₹3.5 करोड़), खट्टा प्रहलादपुर में आईटीआई का निर्माण (लगभग ₹12.35 करोड़), यमुना नदी के किनारे ग्राम जागोस में बाढ़ सुरक्षा कार्य (लगभग ₹4.68 लाख), राजकीय कन्या इंटर कॉलेज सिंघावली अहीर (लगभग ₹4 करोड़), राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बिलोचपुरा (लगभग ₹4 करोड़), गन्ना विभाग की 17 मार्गों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण (लगभग ₹12 करोड़) आदि। वहीं बागपत में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत, बागपत में नए बस स्टेशन का लोकार्पण, आईटीआई का लोकार्पण, बाढ़ सुरक्षा कार्यों की मंजूरी, मितली में नए स्टेडियम का निर्माण, थानों में बैरक निर्माण, हिंडन नदी पर नए सेतु का शिलान्यास, 50 शैय्या के क्रिटिकल केयर जिला अस्पताल की मंजूरी, बड़ौत में बाबा शाहमल से जुड़े पर्यटन विकास हेतु 1 करोड़ रुपये की मंजूरी सहित अन्य प्रमुख कार्यों का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बागपत के युवा ऊर्जा से भरपूर हैं और उनकी प्रतिभा देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। बागपत के युवा अब प्रदेश एवं देशभर में अपनी छाप छोड़ रहे है और उत्तम प्रदेश बनाने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे है। उन्होंने बागपत के अन्नदाता किसानों की सराहना करते हुए कहा कि खेती की नई तकनीकों को अपनाकर बागपत के किसान पूरे देश के लिए एक मॉडल बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से अब तक ₹2,72,600 करोड़ का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया जो एक एतिहासिक रिकॉर्ड है । 2023-24 में 99.51% गन्ना मूल्य का भुगतान हो चुका है। बागपत की शुगर मिल को अपग्रेड करने की योजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था में देश के लिए एक मॉडल बन चुका है। जल्द ही प्रदेश को 60,290 नए पुलिस कार्मिक मिलेंगे, जिनकी निष्पक्ष परीक्षा और चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बेटियों की सुरक्षा के लिए 20% पदों पर अनिवार्य भर्ती लागू है। मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को चाबी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार हर गरीब को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस ऐतिहासिक दिन पर माघ पूर्णिमा, संत रविदास जयंती और चौधरी अजीत सिंह जी की जयंती का शुभ अवसर भी था। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह दुर्लभ संयोग है कि इस पावन धरा पर हमें एक ऐसे महान नेता की प्रतिमा का अनावरण करने का सौभाग्य मिला, जिन्होंने भारत के अन्नदाता किसानों की बेहतरी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि बागपत में नई परियोजनाओं का सिलसिला लगातार जारी रहेगा और आने वाले वर्षों में यह जनपद एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था अब एक मिसाल बन गई है। प्रदेश में हर नागरिक, व्यापारी और बेटी सुरक्षित महसूस कर रही है। 60290 नए पुलिस कर्मियों की भर्ती की जा रही है, जिसमें बेटियों के लिए 20% अनिवार्यता तय की गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़े बागपत में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थापना के लिए योजना पर कार्य जारी है। यह क्षेत्र औद्योगिक विकास में एक नया आयाम स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है। 2017 से अब तक 8 वर्षों में ₹2,72,600 करोड़ का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया है, और 2023-24 का 99.51% गन्ना मूल्य पहले ही चुकता किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बागपत के किसान आधुनिक खेती की तकनीकों को अपनाकर एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत कर रहे हैं। सरकार यहां के शुगर मिलों को अपग्रेड करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे गन्ना किसानों को और अधिक लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में सदी का सबसे बड़ा महाकुंभ चल रहा है, जहां माघ पूर्णिमा पर करोड़ों श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के लोग दुनिया को त्रिवेणी में आस्था के स्नान हेतु आमंत्रित कर सकते हैं। 26 फरवरी तक यह आध्यात्मिक संगम जारी रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बागपत को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सरकार किसानों, युवाओं और उद्यमियों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बागपत में निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे का विकास सरकार की प्राथमिकता है।
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने चौधरी अजीत सिंह को किया नमन, उत्तर प्रदेश के विकास में तकनीकी क्रांति की सराहना
भारत सरकार में कौशल विकास और उद्यमिता के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा विभाग में राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने बिजरौल में बाबा शाहमल और संत रविदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए चौधरी अजीत सिंह को याद किया। उन्होंने कहा कि यह पहला निर्माण चौधरी अजीत सिंह जी की स्मृति में हो रहा है। मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने विदेश से एमएससी कर कंप्यूटर साइंटिस्ट के रूप में अपनी शिक्षा पूरी की, लेकिन अपने पिता चौधरी चरण सिंह की विरासत को आगे बढ़ाते हुए देश और किसानों की सेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया। वे तकनीकी ज्ञान और भारतीय ग्रामीण समाज के उत्थान की सोच को जोड़ने वाले अनूठे राजनेता थे। उन्होंने कहा, “फ्रांस ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इस सदी में नया इतिहास लिखेगा, लेकिन चौधरी अजीत सिंह पहले ही इस तकनीकी क्रांति की संभावना को पहचान चुके थे। वे डिजिटल भारत के सपने को साकार करने वाले नेता थे।” जयंत चौधरी ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों की सराहना करते हुए कहा कि 2020-21 में डेटा सेंटर नीति बनी और इसके तहत 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश से यूपी को नई तकनीकी का केंद्र बनाने की दिशा में कार्य हुआ। उन्होंने कहा कि 2024 में उत्तर प्रदेश सरकार ने सेमीकंडक्टर नीति की पहल की और 30,700 करोड़ के निवेश से सेमीकंडक्टर उत्पादन के प्लांट की मंजूरी दी गई। इसके साथ ही, MRO (Maintenance, Repair & Overhaul) नीति बनाई गई, जिससे यूपी को एयरोस्पेस और एविएशन क्षेत्र में भी बड़ी सफलता मिली।
राज्यमंत्री ने कहा कि पहले जब निवेशकों की प्राथमिकता में उत्तर प्रदेश नहीं था, तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कायाकल्प का संकल्प लिया और निवेश को आकर्षित करने के लिए व्यापक सुधार किए। आज यूपी एशिया के बड़े एयरो इंडिया समारोह में प्रतिनिधित्व कर निवेश ला रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि योगी सरकार ने शिक्षा में ऐतिहासिक सुधार किए हैं, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय युवाओं को नई तकनीकों में प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। संत रविदास जी के विचारों को उद्धृत करते हुए जयंत चौधरी ने कहा, “मन चंगा तो कटौती में गंगा”, अर्थात यदि मन पवित्र है तो पुण्य अपने आप मिलेगा। उन्होंने कहा कि चौधरी अजीत सिंह की सोच भी इसी प्रकार समाज को जोड़ने और भारतीयता को मजबूत करने की थी। अंत में, जयंत चौधरी ने चौधरी अजीत सिंह और बागपत के सम्मान में लोकार्पित और शिलान्यास की गई विभिन्न योजनाओं को ऐतिहासिक बताया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब सिर्फ उत्तम प्रदेश नहीं, बल्कि सर्वोत्तम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है।
सांसद राजकुमार सांगवान ने सशक्त नेतृत्व के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का किया धन्यवाद
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। बागपत से सांसद राजकुमार सांगवान ने मुख्यमंत्री के दौरे के अवसर पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था एक मिसाल बन गई है, भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है और किसानों का हित सर्वोपरि रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से उत्तर प्रदेश अब “उत्तम प्रदेश” बन रहा है और योगी आदित्यनाथ इसे “सर्वोत्तम प्रदेश” बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। सांसद ने बागपत के विकास को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के अन्य शहरों की तर्ज पर विकसित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि मेरठ में मेट्रो परियोजना की तरह बागपत में भी रैपिड मेट्रो की जरूरत है, जिससे क्षेत्र का विकास चार गुना तेज होगा और दिल्ली के लोग यहां बसने के लिए आकर्षित होंगे। उन्होंने सोनीपत, फरीदाबाद, नोएडा, जेवर और बुलंदशहर के विकास मॉडल का हवाला देते हुए बागपत को औद्योगिक केंद्र बनाने की मांग की। सांसद ने महाकुंभ की सफल व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की और कहा कि योगी सरकार प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। बागपत में रोजगार और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए उन्होंने बड़ा अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज मिलने पर आभार जताया और ट्रॉमा सेंटर की भी मांग रखी। अंत में सांसद सांगवान ने जयंत चौधरी के मार्गदर्शन में कार्य करने की बात कही और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना की।
मुजफ्फरनगर में पुलिस ने युवकों को दी थर्ड डिग्री, भाकियू ने थाने का घेराव करके की जमकर नारेबाजी
बागपत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर स्किल इंडिया सेंटर से लाभान्वित अंशु, दीपा मलिक, उपेंद्र खोखर और मुकुल कुमार को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत दुग्ध उत्पादन प्रोजेक्ट हेतु प्रदीप कुमार और हार्डवेयर प्रोजेक्ट हेतु मनीष कुमार को ₹5 लाख के ऋण चेक प्रदान किए गए। कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के अंतर्गत कांति देवी और रोहताश देवी को 60 एचपी के ट्रैक्टर की चाबी दी गई, जिसमें ₹30 लाख के ट्रैक्टर पर ₹24 लाख का अनुदान दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत हनीफा को और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत सुधा को आवास की चाबी सौंपी गई। सभी लाभार्थियों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और मुख्यमंत्री जी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर कृष्णपाल मलिक राज्यमंत्री वन पर्यावरण जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, जसवंत सिंह सैनी राज्य मंत्री संसदीय कार्य तथा औद्योगिक विकास विभाग, अनिल कुमार विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, सांसद डॉ राजकुमार सांगवान, पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा सत्येंद्र सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता किशोर, विधायक योगेश धामा, विधायक गुलाम मोहम्मद, विधान परिषद सदस्य धर्मेद्र भारद्वाज, विधान परिषद सदस्य दिनेश कुमार गोयल समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।