मेरठ। मवाना चीनी मिल द्वारा चलाए जा रहे बसंतकालीन गन्ना बुवाई अभियान 2025 को आज एक रैली और प्रचार वाहन के माध्यम से नई ऊर्जा दी गई। यह अभियान 5 फरवरी को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में आयोजित गन्ना किसान समागम का अगला चरण है। अभियान के तहत गन्ना बुवाई के चार प्रमुख स्तंभों-प्रजातीय बदलाव, फसल सुरक्षा, बीज उपचार और भूमि उपचार को बढ़ावा दिया जाएगा। इसका मुख्य लक्ष्य गन्ना उत्पादन को टिकाऊ और लाभदायक बनाना है।
इस प्रचार वाहन के माध्यम से गाँव-गाँव जाकर कृषक संपर्क किया जाएगा तथा जन जागरण किया जाएगा।
आज आयोजित इस रैली को मवाना चीनी मिल के नेतृत्व में वरि0 महाप्रबन्धक(गन्ना एवं प्रशासन) प्रमोद बालियान ,गन्ना विभाग प्रमुख एवं महाप्रबंधक (गन्ना) अभिषेक श्रीवास्तव, उप महाप्रबन्धक (गन्ना), हरिओम शर्मा तथा वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मवाना परिषद अशोक कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन पूरे गन्ना क्षेत्र में भ्रमण कर किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देगा और उन्हें जागरूक करेगा।
मुजफ्फरनगर: नई मंडी में डॉगी पर खौलता पानी डालने से मौत, महिला पर केस दर्ज
प्रचार वाहन के माध्यम से वीडियो, पैम्फ्लेट, अनाउंसमेंट द्वारा किसानों को नई गन्ना प्रजातियों की जानकारी दी जाएगी। फसल को कीटों और रोगों से सुरक्षित रखने के उपाय सिखाए जाएंगे। बीज उपचार की महत्ता समझाई जाएगी और भूमि की उर्वरता बढ़ाने के उन्नत तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। रैली के माध्यम से किसानों को गन्ना उत्पादन में नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे उनकी पैदावार बढ़े और उन्हें आर्थिक लाभ मिले।
गन्ना विकास परिषद मवाना एवं चीनी मिल द्वारा संयुक्त रूप से 50 सदस्यीय कृषक मण्डल को मुज़फ्फरनगर गन्ना शोध संस्थान में एकदिवसीय प्रशिक्षण हेतु भेजा गया।
इस अवसर पर मवाना चीनी मिल परिक्षेत्र के 50 प्रगतिशील किसानों को मुज़फ्फरनगर स्थित गन्ना शोध संस्थान में एकदिवसीय प्रशिक्षण हेतु बस द्वारा रवाना किया गया। प्रशिक्षु किसानों की बस को भी वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मवाना परिषद अशोक कुमार यादव, मिल के गन्ना महाप्रबंधक अभिषेक श्रीवास्तव एवं उपमहाप्रबंधक (गन्ना) श्री हरि ओम शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।