मेरठ। नौ साल पहले प्यार से बसी थी जिंदगी, लेकिन घरेलू झगड़ों की चिंगारी ने उस प्यार को नफरत की आग में बदल दिया। मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम सेक्टर-3 में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां मोहित नामक युवक ने अपनी पत्नी सलोनी (32) की गला दबाकर हत्या कर दी। वह भी अपने ही बच्चों के सामने। हत्या के बाद युवक थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल लिया।
वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। झगड़े ने ली जान, मासूम देखते रह गए शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोहित और सलोनी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। रात के अंधेरे में जब घर सो रहा था, तब मोहित ने पत्नी का गला दबा दिया।
इस खौफनाक मंजर के गवाह बने उनके नन्हे बच्चे, जो कुछ समझ नहीं पाए। नौ साल पहले गाजियाबाद निवासी सलोनी ने मोहित से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दो बेटियां भी हुईं। मोहित रिक्शा चलाता है, घर की आर्थिक हालत भी ठीक नहीं थी। रोज-रोज के झगड़ों ने दोनों के रिश्ते में ज़हर घोल दिया था। पुलिस कर रही कार्रवाई एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।