नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) के अधिसूचित क्षेत्र में बने तथा बन रहे कई अधिक अवैध निर्माण के खिलाफ आज प्राधिकरण, जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान विभिन्न खसरा नंबरों पर बने अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।
यह कार्रवाई आज यीडा ओएसडी शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी जेवर अभय सिंह, उपजिलाधिकारी एयरपोर्ट, दुर्गेश सिंह, उप जिला अधिकारी यीडा शिव अवतार सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त जेवर सार्थक सेंगर गौतमबुद्धनगर, जेवर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह मय पुलिस बल की संयुक्त टीम बनाकर की गई है।
ओएसडी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना जेवर क्षेत्रान्तर्गत यीडा द्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम साबोता मुस्तफाबाद, किशोरपुर व रामनेर परगना जेवर तहसील जेवर जिला गौतमबुद्धनगर के भिन्न भिन्न खसरा संख्या में भूमि अधिसूचित की गयी है। कुछ समय पूर्व संज्ञान में आया कि यीडा के अधिसूचित क्षेत्र के अन्तर्गत भिन्न भिन्न खसरा के भू स्वामी द्वारा बिना उच्चाधिकारी के पूर्व अनुमति के अवैध निर्माण कार्य किये जा रहे है। यह कृत्य उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास अधिनियम 1976 का उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाकर स्थल का
निरीक्षण कराया गया। अवैध निर्माण कार्य कर रहे भू स्वामियों को इस संबंध में नोटिस प्रदान किये गये फिर भी भू स्वामीयों द्वारा अवैध निर्माण कार्य नहीं रोका गया। उन्होंने बताया कि आज भारी पुलिस बल के साथ
खसरा संख्या 465 (भाग 1) क्षेत्रफल 0.8470 हेक्टेयर स्थित ग्राम किशोरपुर भू स्वामी निर्मला देवी निवासी सब्जी मण्डी खुर्जा बुलंदशहर, बालकरन निवासी ग्राम मुकिमपुर सिवारा जेवर, संतोष कुमार निवासी मुकिमपुर सिवारा जेवर के बने अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। इसी प्रकार खसरा संख्या 465 (भाग 2) क्षेत्रफल 0.8470 हेक्टेयर में बने अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि जेवर में खसरा संख्या 466 क्षेत्रफल 0.2880 हेक्टेयर स्थित ग्राम किशोरपुर भू स्वामी विजय भारती निवासी दादरी का भी अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया गया।
इस तरह खसरा संख्या 467 रकबा 0.6580 हेक्टेयर स्थित ग्राम किशोरपुर में 15 लोगों के अवैध निर्माण,
जेवर में खसरा संख्या 468 क्षेत्रफल 0.6580 हेक्टेयर स्थित ग्राम किशोरपुर जेवर के 9 भू स्वामी तथा जेवर के ही खसरा संख्या 155 क्षेत्रफल 2.0440 हेक्टेयर में बने कृष्णा देवी समेत 10 भू स्वामी के यीडा अधिसूचित क्षेत्र पर निर्माणाधीन बहुमंजली मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गयी है।