पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर नोएडा-ग्रेटर नोएडा में किसान दिवस समारोह
नोएडा। गांव, गरीब व खेत खलियान की बात करने वाले किसान मसीहा एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सपा कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह की जयंती किसान दिवस के रूप में मनाई। वहीं जिला प्रशासन द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र छोलस दादरी पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजनांतर्गत किसान सम्मान दिवस एवं कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की जयंती मंगलवार को सूरजपुर स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर किसान दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद उनके जीवन पर विचार गोष्ठी का आयोजन कर उन्हें याद किया।
इस मौके पर पार्टी के समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने चौ. चरण सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों के सच्चे शुभचिंतक थे, उनकी नीति गरीब और किसानों को ऊपर उठाने की थी। उनका मत था कि बगैर किसानों को खुशहाल किए देश का विकास नहीं हो सकता। उन्होंने हमेशा किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्हें हल कराने का सार्थक प्रयास किया। चौधरी चरण सिंह ने किसान को मजबूत बनाने के लिए उनके हितों को सदैव सर्वोपरि रखा और किसान की प्रगति में अहम योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह समाजवादी विचारधारा से जुड़े वह क्रांतिकारी नेता थे जिन्होंने आजादी से पहले भारत को अंग्रेजों से आजाद कराने के लिए और बाद में भारत से गरीबी मिटाने के लिए संघर्ष किया।
इस मौके पर सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने पूरा जीवन सादगी के साथ और गरीबों की सेवा करते हुए जिया। उनका ध्येय किसानों को आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बनाने था। उन्होंने किसान और आम जनता के हित में कई कदम उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चौधरी चरण सिंह के पदचिन्हों पर चलते हुए गरीब, किसान, मजदूर के उत्थान के लिए काम कर रहे है।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष वीर सिंह यादव, कृशान्त भाटी, सुनील भाटी, नवीन भाटी, विनोद लोहिया, विक्रम टाइगर, अनूप तिवारी, गजेन्द्र यादव, अमित रौनी, सत्यप्रकाश नागर, हैप्पी पंडित, विपिन सैन, रामशंकर भास्कर, अंकित नागर, जावेद अंसारी, जयसिंह चंदेल, रजनीश रौसा, प्रदीप भाटी, राजेश बैसला, राहुल रौसा सहित अन्य मौजूद रहे।
