मुंबई: चिकित्सक की मौत का मामला.. पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे के निजी सहायक हिरासत में
मुंबई। महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता पंकजा मुंडे के निजी सहायक अनंत गर्जे को उनकी पत्नी डॉ. गौरी गर्जे पाल्वे की कथित आत्महत्या के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने सोमवार को हिरासत में ले लिया। डॉक्टर गौरी (32) 22 नवंबर, 2025 को वर्ली स्थित अपने आवास पर फांसी पर लटकी हुई पाई गईं थी।
दंपती का विवाह इसी वर्ष फरवरी में हुआ था। वह मुंबई के नगर निगम द्वारा संचालित केईएम अस्पताल में दंत चिकित्सक के रूप में कार्यरत थीं।
पुलिस ने अनंत को भारतीय दंड संहिता की धारा 108, 85, 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज करने के बाद 24 नवंबर, 2025 को गिरफ्तार किया था। इन धाराओं में आत्महत्या के लिए उकसाना, उत्पीड़न और अपमान शामिल हैं।
गौरी के परिवार का आरोप है कि अनंत का किसी अन्य महिला के साथ संबंध था और उसके कार्यों के कारण गौरी ने यह दुखद कदम उठाया।
मामले की जांच के लिए पुलिस उपायुक्त रागासुधा आर के नेतृत्व में 5 दिसंबर, 2025 को एक विशेष जांच समिति (एसआईटी) का गठन किया गया था। अनंत के वकील का दावा है कि वह जांच में सहयोग कर रहा है और उसने स्वेच्छा से अपना मोबाइल फोन और घर की चाबियां सौंप दी हैं।
