उत्तर प्रदेश में ठंड और घने कोहरे ने बढ़ाई परेशानी, दृश्यता हुई कम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में लगातार दूसरे दिन की शुरुआत कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ हुई। इससे जनजीवन पर असर दिखाई पड़ने लगा है। घने कोहरे के कारण काशी के घाट ढक चुके हैं। एक पर्यटक ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "काशी में मैंने पहली बार घाटों को इतने घने कोहरे से ढका हुआ देखा है।
एक अन्य युवक ने बताया कि वह रोजाना 5 बजे टहलने के लिए निकलते थे, लेकिन ठंड बढ़ने के कारण देर से आना शुरू किया है। अगले एक हफ्ते ठंड में राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश संभाग और पूर्वी उत्तर प्रदेश संभाग, दोनों में अगले एक हफ्ते मौसम शुष्क रहने का अनुमान लगाया। इस बीच, अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिन तक न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। उसके बाद तापमान में थोड़ी गिरावट के साथ कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है।
