Friday, May 10, 2024

क्या पाकिस्तान के आक्रमण से देश सुरक्षित है?

मुज़फ्फर नगर लोकसभा सीट से आप किसे सांसद चुनना चाहते हैं |

पाकिस्तान के दोबारा नियुक्त प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपने पहले अधिकृत भाषण में कश्मीर पर अपना हक एक बार फिर जमाकर यह सिद्ध कर दिया है कि वह सुधरने वाला नहीं है। उनके हावभाव और तीखे अंदाज से हर भारतीय नागरिक के मन में यह आशंका उत्पन्न हो गयी है कि किसी न किसी दिन युद्ध हो सकता है यद्यपि रक्षा विशेषज्ञों की राय में पाकिस्तान का युद्ध छेडऩा आत्महत्या जैसा होगा।
राजस्थान के चार बड़े जिलों से पाकिस्तान की 1037 किलोमीटर लंबी सीमा लगती है। ये चार जिले हैं जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और गंगानगर। सामरिक दृष्टि से ये चारों जिले भारत के लिए महत्वपूर्ण है किंतु पश्चिमी सीमा पर पाकिस्तान का निशाना इन चार जिलों से अधिक जोधपुर नगर पर रहता है। जैसलमेर, बाड़मेर का सीमावर्ती जिला जोधपुर नगर सिर्फ पश्चिमी सीमा का नहीं बल्कि भारत का सबसे महत्वपूर्ण मिलिट्री बेस है। जोधपुर में थल सेना का भी बेस कैम्प है और वायु सेना का भी बेस कैम्प है। जोधपुर फ्लाइंग क्लब में वायुसेना के पायलटों की ट्रेनिंग होती है। इसलिए पाकिस्तान के रडार पर जोधपुर हमेशा रहता है।
1965 के भारत पाक युद्ध में जोधपुर पर पाकिस्तान ने 200 बम बरसाये थे और 1971 के युद्ध में सिर्फ 2 ही बम डाले थे। आज भारत पाक युद्ध हो तो पाकिस्तान जोधपुर शहर तक नहीं पहुंच सकता। जोधपुर शहर ही नहीं बल्कि भारत की सीमा में पाकिस्तान प्रवेश ही नहीं कर सकता। भारत का रडार सिस्टम इस्राइल और रुसी टेक्नोलॉजी से बना हुआ विश्व का सबसे अत्याधुनिक रडार सिस्टम है। जोधपुर एयर बेस में लगे रडार की क्षमता इतनी अधिक है कि यदि कराची सिंध और अन्य एयर बेस से पाकिस्तानी फाइटर जेट उड़ान भरे तो उसके सिग्नल जोधपुर तक तत्काल मिलते हैं। जोधपुर एयर बेस पर भारत के सुखोई विमान सतर्क रहते हैं जो 5 मिनट के अंदर पाकिस्तानी विमान को उड़ान भरते ही नेस्तनाबूद कर सकते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, सुखोई विमान जोधपुर से उड़ान भरकर मात्र 15 मिनिट में पाकिस्तान में तबाही मचाकर पुन: जोधपुर आ सकता है।
पाकिस्तान के कुल क्षेत्रफल 8.8 लाख वर्ग किमी में से 87 प्रतिशत भाग लगभग 7.7 लाख वर्ग किमी पर भारतीय रडार की हर समय पैनी निगाह रहती है जबकि पाकिस्तानी रडार चाइना और स्वीडन की टेक्निक से बना हल्का रडार सिस्टम है।
26 जनवरी 2016 को जैसलमेर से लगी पाक सीमा में पाक का एक गुब्बारा भारत की जासूसी करता पाया गया था जिसका व्यास 3 मीटर था और वो 10,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। सुखोई ने जोधपुर से उड़ान भरकर महज़ 7 मिनिट में उस गुब्बारे को नष्ट कर दिया था। पिछले वर्ष अनूपगढ़ (बीकानेर) बॉर्डर पर भारत ने पाक का एक ड्रोन मार गिराया था।
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ और पाकिस्तान रेंजर्स की गोलाबारी के बाद पंजाब में भारत-पाकिस्तान सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने चौकसी बढ़ा दी है। ऊंटों और घोड़ों से भी फेंसिंग की सुरक्षा के लिए गश्त की जा रही है। पाकिस्तानी क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर जवानों की निगाहें हैं।
बीएसएफ ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई फेंसिंग और टावरों को ठीक कर लिया है। पंजाब में हरिके पत्तन से निकलने वाली सतलुज नदी सात बार पाकिस्तान में प्रवेश कर भारत में दाखिल होती है। ऐसे प्वाइंटों पर बीएसएफ मोटर बोट से गश्त कर रही है। पंजाब में लगभग साढ़े पांच सौ किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पड़ती है। इलाके में सरकंडों के जंगल भी हैं जहां पर भी बीएसएफ ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। यही नहीं, रात के समय बीएसएफ की महिला सिपाही भी सरहद पर गश्त करती रहती हैं।
कई बार महिला सिपाही भी आसमान पर मंडरा रहे पाकिस्तानी ड्रोन गिरा चुकी हैं। सरहद पर दिन-रात जवानों की गश्त चलती है। जवान पाकिस्तान की तरफ होने वाली पल-पल की खबर वरिष्ठ अधिकारियों को पहुंचाते हैं। जवान सरहद से सटे इलाकों के ग्रामीणों से भी अपील करते है कि कोई बाहरी व्यक्ति उन्हें दिखे, तुरंत सूचना दें। सरहद के अलावा शहर से जुड़ीं सड़कों पर भी नाकाबंदी की गई है। फिरोजपुर शहर को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में रखा गया है। सरहद पर लगी कंटीली तार के आसपास बीएसएफ ने ऐसे आधुनिक यंत्र लगाए हैं कि जीरो लाइन क्रास कर कोई भारतीय सीमा में घुसता है तो जवानों को तुरंत पता चल जाता है।
पठानकोट की भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक पठानकोट को पहले से ज्यादा अलर्ट पर रखा गया है। बॉर्डर के आसपास और नाकों पर पुलिस फोर्स दोगुनी कर दी गई है। जिले में एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिस वाहनों की सघनता से जांच कर रही है। अमृतसर में भी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गयी है। जगह-जगह पर नाकाबंदी की गई है। पाकिस्तान के बॉर्डर के साथ सटे अमृतसर जिले के क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है। अमृतसर पुलिस लगातार बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर तलाशी अभियान चला रही है। श्री हरमंदिर साहिब के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर पुलिस तैनात है। श्री दुग्र्याणा तीर्थ और राम तीर्थ आदि क्षेत्रों में पुलिस के कमांडो और आरएपी जवान तैनात हैं।
भारतीय सेना की तुलना में पाकिस्तान की क्या स्थिति है। इसका विवरण ग्लोबल फायर इंडेक्स ने जारी किया है। ग्लोबल फायर इंडेक्स की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार 145 देश की सूची में भारतीय सैन्य शक्ति का स्थान चौथा है। वहीं पाकिस्तानी सैन्य शक्ति दुनिया में नौवें नंबर पर है। भारत का रक्षा बजट फ्रांस के डिफेंस बजट से भी बड़ा है। भारत का वार्षिक रक्षा बजट सात अरब 740 करोड़ डॉलर का है वहीं पाकिस्तान का डिफेंस बजट 63 अरब से कुछ अधिक है।
ग्लोबल फायर पावर के अनुसार भारत के पास कुल कार्यरत सैनिकों की संख्या 14,55,500 है वहीं पाकिस्तान के कुल सैनिकों की संख्या 6,54,000 है। अर्धसैनिक बलों की संख्या भारत के पास 25 लाख 27 हजार और पाकिस्तान के पास 5 लाख है। भारत के पास कुल विमान की संख्या 2296 है। वही पाकिस्तान के पास कुल विमान संख्या 1434 है। भारत के पास लड़ाकू विमान संख्या 606 है तो पाकिस्तान के पास यह 387 है। अगर सिर्फ आक्रामक विमान की बात की जाए तो भारत के पास इनकी संख्या 130 है और पाकिस्तान के पास 90 है। भारत के पास कुल 264 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है तो पाकिस्तान के पास इनकी संख्या 60 है।
भारत के पास कुल एरियल रिफ्यूलर विमानों की संख्या 6 है जबकि पाकिस्तान के पास चार है। भारत के पास कुल हेलीकॉप्टरों की संख्या 869 है। जबकि पाकिस्तान के पास इनकी संख्या 352 है। भारत के पास कुल अटैक हेलीकॉप्टरों की संख्या 40 है। पाकिस्तान के पास 57 है। इसके अतिरिक्त भारत के पास कुल टैंकों की संख्या 4614 है जबकि पाकिस्तान के पास 3742 टैंक है। भारत के पास आर्मर्ड व्हीकल की संख्या 151248 है जबकि पाकिस्तान के पास 50523 है।
भारत के पास कुल रॉकेट लॉन्चरों की संख्या 702 है। पाकिस्तान के पास कुल रॉकेट लॉन्चरों की संख्या 602 है। भारत के पास कल सेल्फ प्रोपेल्ड आर्टिलरी की संख्या 140 है। जबकि पाकिस्तान के पास 752 है।
भारत के पास कुल नौसैनिक जहाजों की संख्या 294 है। जबकि पाकिस्तान के पास कुल नौसैनिक जहाज़ की संख्या 114 है। भारत के पास दो एयरक्राफ्ट कैरियर है। पाकिस्तान के पास एक भी नहीं है। भारत के पास कुल पनडुब्बियों की संख्या 18 है। जबकि पाकिस्तान के पास कुल आठ पनडुब्बियों हैं। भारत के पास कुल विध्वंसक पोतों की संख्या 12 है। जबकि पाकिस्तान के पास दो है। भारत के पास टोही जहाज (पेट्रोल वेसेल) की कुल संख्या 137 है और पाकिस्तान के पास 69 है, अर्थात सैन्य शक्ति की दृष्टि से भी भारत पाकिस्तान से बेहतर स्थिति में है।
-राज सक्सेना

Related Articles

STAY CONNECTED

74,237FansLike
5,309FollowersFollow
47,101SubscribersSubscribe

ताज़ा समाचार

सर्वाधिक लोकप्रिय