नोएडा। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के थाना बादलपुर में एक युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक युवक ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाकर उसे घर से भगाया तथा उसके साथ शादी की। पीड़िता के अनुसार वह अपने घर से 2 लाख रुपए और जेवरात चोरी करके भागी थी, जिसे आरोपी और उसके घर वालों ने हड़प लिया। बाद में उसके साथियों ने उसके साथ छेड़छाड़ कर उसे घर से भगा दिया। युवती अब अपने पिता के घर पर रही है।
थाना बादलपुर के प्रभारी अमित भड़ाना ने बताया कि एक युवती ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वरुण यादव ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया। वर्ष 2023 में वह अपने घर से 2 लाख रुपए नकद और लाखों रुपए के जेवरात लेकर वरुण के साथ भाग गयी। महिला के अनुसार वरुण अपनी बहन खुशबू के पास उसे लेकर गया। पीड़िता के अनुसार उसके द्वारा घर से लाई गई 2 लाख की नकदी और जेवरात को वरुण की मां सुमन यादव ने अपने पास रख लिया। पीड़िता के अनुसार इसी बीच वरुण के परिजन रवि शंकर ने उसके साथ अश्लील हरकत की।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि वरुण और उसके परिजन भोली-भाली लड़कियों को अपने जाल में फंसाकर उनके घर से नकदी और जेवरात मंगवाते हैं, तथा उसे लूटकर लड़कियों के साथ शारीरिक संबंध बनाते हैं, बाद में घर से भगा देते हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में युवती की शिकायत पर वरुण यादव, बबलू यादव, रवि शंकर, सुमन तथा खुशबू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्जकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।