मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मेरठ दौरा, मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय का किया निरीक्षण
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सलावा स्थित मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय पहुंचे। दोपहर 1:50 बजे हेलीपैड पर आगमन होना था, लेकिन मुख्यमंत्री पहले सोनीपत के एक कार्यक्रम में शामिल हुए और उसके बाद मेरठ के लिए रवाना हुए। दोपहर ढाई बजे उनके हेलीकॉप्टर ने सलावा के हेलीपैड पर लैंड किया। इसके बाद उनका काफिला खेल विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन की ओर बढ़ा।
सुरक्षा चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बुधवार को दिन भर पुलिस और प्रशासनिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने खेल विश्वविद्यालय परिसर, सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस और हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संगीत सोम की सुरक्षा टीम रोकी गई
सीएम के कार्यक्रम में सुरक्षा टीम के साथ पहुंचे पूर्व विधायक संगीत सोम के काफिले को पुलिस ने रोक दिया। इस पर संगीत सोम ने नाराजगी जताई और सीओ को धमकी तक दी। हालांकि बाद में सुरक्षा टीम पैदल ही आगे बढ़ी।
खेल विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले बुधवार को कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी, एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा और कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी सलावा पहुंचे। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
खोखों को लेकर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान डीआईजी कलानिधि नैथानी ने सलावा चौराहे पर बड़ी संख्या में खुले खोखों को देखकर सरधना थाना पुलिस पर नाराजगी जताई। उन्होंने पूछा कि इतनी संख्या में खोखे कैसे खुल गए। पुलिस की ओर से संतोषजनक जवाब न मिलने पर अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया। इससे पहले कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने भी इस संबंध में पत्र लिखा था।
समीक्षा बैठक के लिए विशेष कक्ष तैयार
सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस परिसर में मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के लिए जर्मन हैंगर तकनीक से विशेष कक्ष बनाया जा रहा है। इसके साथ ही स्विस कॉटेज भी तैयार किया जा रहा है। आपात स्थिति से निपटने के लिए परिसर में मिनी सीएचसी भी स्थापित किया गया है।
अतिरिक्त हेलीपैड तैयार
चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग स्थित मैदान में पहले से मौजूद हेलीपैड के साथ-साथ सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर एक अतिरिक्त हेलीपैड भी तैयार किया गया है। इसी स्थल पर जनवरी 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया था।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
