मेरठ: मेजर शुभम सैनी की देहरादून में कार दुर्घटना में मौत, पार्थिव शरीर पैतृक गांव घसौली पहुंचा
मेरठ। मेरठ के घसौली गांव निवासी मेजर शुभम सैनी की विकास नगर देहरादून में खाई में कार गिरने से मौत हो गई। आज रविवार को पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर मेरठ पहुंचा। उनके पार्थिव शरीर का ताबूत जैसे ही गांव में प्रवेश किया परिजनों में हाहाकार मच गया।
हादसे में जान गंवाने वाले मेजर शुभम सैनी का पार्थिव शरीर पैतृक गांव घसौली पहुंचते ही परिजनों का रोकर बुरा हाल हो गया। गमगीन माहौल में देर शाम उनका अंतिम संस्कार किया गया। गांव में हर व्यक्ति की आंखों में आंसू थे। बेटे का ताबूत देखकर मां बार—बार बेहोश हो रही थी। परिजनों को ग्रामीण ढाढस बंधा रहे थे। घसौली गांव निवासी मेजर शुभम सैनी की कार देहरादून-चकराता मार्ग पर गहरी खाई में गिर गई थी। चकराता के छावनी क्षेत्र में हादसे के बाद सैन्यकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और मेजर शुभम सैनी को खाई से निकाला। मेजर के सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें तुरंत सैनिक अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
रोहटा थाना क्षेत्र स्थित गांव घसौली निवासी शुभम सैनी के परिजनों का कहना है कि मेजर शुभम सैनी किसी कार्य से चकराता से देहरादून जा रहे थे। रास्ते में किसी वाहन को बचाने के प्रयास में उन्होंने अपनी कार से नियंत्रण खो दिया। इससे कार खाई में जा गिरी। चकराता स्थित मुख्यालय में तैनात मेजर शुभम सैनी वर्ष 2019 में लेफ्टिनेंट के पद पर सेना में शामिल हुए थे। मेजर पद पर पदोन्नति के बाद उनकी पोस्टिंग चकराता स्थित मुख्यालय में थी।
उनका विवाह नहीं हुआ था। उनके बड़े भाई तुषार व बहन निधि अविवाहित हैं। परिवार के सदस्य सिविल सेवाओं की तैयारी कर रहे हैं। मेजर का पार्थिव शरीर रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
