मेरठ में नमो भारत स्टेशनों पर सुरक्षा चौकियां शुरू, यात्रियों की सुरक्षा होगी मजबूत
                 
              
                मेरठ। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर सफर करने वाले नमो भारत ट्रेन के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एनसीआरटीसी ने नमो भारत स्टेशनों पर सुरक्षा चौकियां खोलने की घोषणा की है। मेरठ और गाजियाबाद सहित सभी नमो भारत स्टेशनों पर सुरक्षा चौकियां खोली जाएगी। इसकी शुरूआत आनंद विहार नमो भारत स्टेशन से हो चुकी है। यात्रियों की सुरक्षा को और मज़बूत करने के लिए सुरक्षा चौकी की स्थापना कर दी है।
सुरक्षा चौकी का निर्माण कार्य पूरा कर इसे औपचारिक रूप से दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। इस चौकी के शुरू होने से न केवल स्टेशन परिसर की निगरानी बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों को आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता भी मिलेगी। आनंद विहार स्टेशन के गेट नंबर-2 के पास बनी यह चौकी पड़पड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आएगी। यात्री अब नमो भारत ट्रेन या स्टेशन परिसर से जुड़ी किसी भी घटना की शिकायत यहीं दर्ज करा सकेंगे।
अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन पर यह चौकी यात्रियों के भरोसे और सुरक्षा व्यवस्था दोनों को और मज़बूती देगी। एनसीआरटीसी के अनुसार, आनंद विहार स्टेशन नमो भारत कॉरिडोर के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक है, जहां रोज़ाना हजारों लोग सफर करते हैं। इनमें बड़ी संख्या महिला यात्रियों की होती है। अब चौकी की मौजूदगी से स्टेशन पर पुलिस की उपस्थिति लगातार बनी रहेगी। नमो भारत स्टेशन पर सफर करने वाले यात्रियों का कहना है कि हम रोज़ ऑफिस आने-जाने के लिए नमो भारत ट्रेन का इस्तेमाल करते हैं।
पहले देर रात स्टेशन पर थोड़ा डर लगता था, लेकिन अब सुरक्षा चौकी बनने से काफी सुरक्षा महसूस हो रही है। यह चौकी यात्रियों के लिए सुरक्षा की नई गारंटी है। अब किसी भी दिक्कत पर तुरंत मदद मिल सकेगी।”एनसीआरटीसी ने बताया कि दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर इस तरह की पुलिस चौकियां स्थापित की जा रही हैं। मेरठ दक्षिण, मेरठ संजय वन, मेरठ रिठानी के अलावा न्यू अशोक नगर, गुलधर और दुहाई स्टेशन पर चौकी निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है, जबकि साहिबाबाद और गाजियाबाद स्टेशन पर बनी नई चौकियां पहले ही सक्रिय हो चुकी हैं।
