मुजफ्फरनगर में राममंदिर की वर्षगांठ पर शोभायात्रा रोकने से उबाल, कहा न्यायालय में पुलिस अधिकारियों से जवाब तलब किया जाएगा
मुजफ्फरनगर। श्रीराम मंदिर की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर जय समता पार्टी द्वारा प्रस्तावित धार्मिक शोभायात्रा को रोकने के मामले ने सियासी और सामाजिक सुर्खियां बटोर ली हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में प्रशासन द्वारा शोभायात्रा पर रोक लगाए जाने को लेकर भारी आक्रोश देखा गया।
अमन बंसल ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे जनप्रतिनिधि संविधान से ऊपर खुद को समझने लगे हैं और इस वजह से शोभायात्रा रोकने का आदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी इस अन्याय के खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी और कोर्ट में पूछा जाएगा कि आखिर किस आधार पर भगवान श्रीराम की शोभायात्रा को रोका गया।
बताया गया कि शोभायात्रा 22 जनवरी को सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक आयोजित की जानी थी। इसका मार्ग शिव मंदिर, बिलासपुर से प्रारंभ होकर कुकड़ा ब्लॉक, बालाजी चौक, नई मंडी, विश्वकर्मा चौक, भोपा अड्डा, ग्राउंड प्लाजा, द्वारिकापुरी, हनुमान चौक, गांधी कॉलोनी, सरवत फाटक, पीर रोड, कच्ची सड़क, अहिल्याबाई चौक, शिव चौक, मीनाक्षी चौक, महावीर चौक, जानसठ पुल, जानसठ बस स्टैंड, अलमासपुर होते हुए शिव मंदिर, शेरनगर में समाप्त होना था।
अमन बंसल ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन द्वारा अनुमति मिलने के बावजूद टीपी नगर चौकी प्रभारी ने खुलेआम आदेशों की अवहेलना की और शोभायात्रा निकालने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रशासनिक तानाशाही है और सत्ताधारी दल के संरक्षण में कुछ अधिकारी खुद को कानून से ऊपर समझते हुए जनता की आस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने का काम कर रहे हैं।
अमन बंसल ने चेताया कि जनभावनाओं से खिलवाड़ करने वालों को इसका जवाब जनता देगी और सत्ता का यह घमंड ज्यादा दिन नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में जनता ऐसे अहंकारी रवैये का हिसाब चुकता करेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से दोषी चौकी प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और अन्यथा आंदोलन की चेतावनी भी दी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru
