गाजियाबाद मंदिर में जन्माष्टमी की भव्य धूम! 10 टन फूलों से सजा परिसर, 4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
गाजियाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गाजियाबाद के राजनगर स्थित इस्कॉन मंदिर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्त दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लगातार मंदिर पहुंच रहे हैं।
जन्माष्टमी के लिए इस बार मंदिर को वृंदावन की थीम पर सजाया गया है। भक्तों को वृंदावन धाम के पवित्र निकुंज का एहसास कराने के लिए ‘राधे श्याम निकुंज’ तैयार किया गया है। मंदिर की भव्य सजावट में करीब 9 से 10 टन फूलों का इस्तेमाल किया गया है। इनमें मुख्य मंदिर की सजावट में ही एक टन से अधिक फूल लगाए गए हैं।मंदिर की सजावट के लिए देश के अलग-अलग राज्यों के अलावा विदेशों से भी फूल मंगाए गए हैं। इटली और हॉलैंड (नीदरलैंड्स) से आए फूलों ने मंदिर परिसर की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से पूरा परिसर बेहद आकर्षक नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें गाजियाबाद में ट्रांसफार्मर में घुसा युवक, करंट लगने से मौत; पास से कटर, प्लास और कटे तार मिलेमंदिर के महंत प्रभु जी एवं अध्यक्ष आदिकर्ता दास ने बताया कि जन्माष्टमी पर करीब चार लाख श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की उम्मीद है। भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी भक्त को परेशानी न हो।
सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। मंदिर के स्वयंसेवक और कार्यकर्ता भी व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं।
मंदिर परिसर में भक्ति का अलग ही रंग देखने को मिल रहा है। महिलाएं राधा का रूप धारण कर भजन-कीर्तन पर झूमती और नृत्य करती नजर आईं। इससे पूरे परिसर का माहौल और भी भक्तिमय हो गया।
कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने किए दर्शन
जन्माष्टमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा भी इस्कॉन मंदिर पहुंचे और भगवान के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर की भव्य सजावट की सराहना करते हुए कहा कि मंदिर को बेहद सुंदर तरीके से सजाया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि वह हर वर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर यहां दर्शन करने जरूर आएं।
मंत्री ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी इस्कॉन मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगे।
जन्माष्टमी के अवसर पर इस्कॉन मंदिर में भव्य फूलों की सजावट, श्रद्धालुओं की भारी भीड़, धार्मिक आयोजन और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर प्रशासन और पुलिस-प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पूरी तरह सक्रिय है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां