राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले 'नेताजी और शिवपाल जी ने साइकिल चलाकर पार्टी बनाई, और अखिलेश जी अब एसी में बैठकर 'तिलचट्टों' के सहारे सरकार बनाने का सपना देख रहे
लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव अभिजीत नक्षत्र में दीपक जलाकर सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब उन्हें अपने राजनीतिक अभियान के लिए ‘तिलचट्टों’ का सहारा लेना पड़ रहा है। राजभर ने कहा कि जिन समाजवादी नेताओं ने गांव-गांव साइकिल चलाकर पार्टी खड़ी की, उनके बाद अब एसी में बैठकर ‘तिलचट्टों’ के भरोसे सरकार बनाने की कोशिश की जा रही है।
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि सुने हैं कि आप अभिजीत नक्षत्र में दीपक जलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच आपके घर में 'तिलचट्टे' आने लगे, वो भी मुंह बांध के। उन्होंने आगे लिखा कि टीवी में तो दिखाता है कि 'लाल' वाला स्प्रे तिलचट्टों को खत्म करने के लिए होता है, यहां तो 'लाल' वाले खुद ही तिलचट्टों से मदद मांग रहा है? राजभर ने कहा कि बताइए भला।
अपने कंसवादी लोडरों पर इतना भी भरोसा नहीं है कि जो अब 'तिलचट्टों' का साथ ले रहे हैं? आपके पिता और चच्चू एतना मेहनत किये! गांव-गांव साइकिल के पैडल मार-मार के समाजवादी पार्टी चलाए, यही दिन देखने के लिए? कि बेटवा एसी में बइठ के तिलचट्टन के भरोसे सरकार बनाएगा? उन्होंने कहा कि अब पता चल गया कि आप भी रीलबाज तिलचट्टन के बल पर राजनीति करने वाले हैं। आप चांदी के चम्मच वाले हैं, विदेशी ताकत और अकूत पैसे के बल पर सत्ता का खेल आपकी पुरानी आदत है।
राजभर ने कहा कि आपके सैफई सिंडिकेट के बच्चे तो विदेश में पढ़ते हैं, लंदन-पेरिस घूमते हैं लेकिन यही बिनती है कि अपने गांव-देहात के यादव और गरीब जोलहा-पसमांदा मुस्लिम युवाओं को ऐसी आग में मत झोंकिएगा कि उनका और उनके परिवार का भविष्य तबाह हो जाए। जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय परशुराम,जय महाराजा सुहेलदेव।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां