नोएडा में 77वें गणतंत्र दिवस का उत्सव: जिलाधिकारी मेधा रूपम ने किया ध्वजारोहण और स्वतंत्रता सेनानियों को किया सम्मानित
नोएडा। जनपद गौतमबुद्धनगर में 77वें गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व, उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण तथा गोष्ठी का आयोजन किया गया।
जनपद में 77वें गणतंत्र दिवस पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया। इस मौके पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय शिवनारायण गुप्ता की पुत्री संध्या गोयल, नायब सूबेदार रणजीत सिंह, वारंट ऑफिसर देवराज सिंह नागर तथा कारगिल शहीद स्वर्गीय नरेंद्र भाटी की धर्मपत्नी सुरेश देवी को पुष्पमाला एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके अतुलनीय योगदान को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को स्मरण किया गया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भारतीय संविधान पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसका संचालन मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सारस्वत द्वारा किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ भारतीय संविधान देश को एक सशक्त, संप्रभु एवं लोकतांत्रिक स्वरूप प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान अपनी व्यापकता, समानता, न्याय और बंधुत्व की भावना के लिए विश्वभर में विशिष्ट पहचान रखता है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को एकता के सूत्र में बांधता है।
वहीं आयोजित कार्यक्रम में धर्म पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सराहा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी एलए. बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, वरिष्ठ कोषाधिकारी शिखा गुप्ता, उप जिलाधिकारी अरविंद कुमार, डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडे, अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru

टिप्पणियां