नोएडा में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा
नोएडा। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर आज मेरठ मंडल के विशेष रोल प्रेक्षक ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम की प्रगति पर की समीक्षा की।
मेरठ मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जनपदों के लिए नियुक्त विशेष रोल प्रेक्षक/संयुक्त सचिव, मिनिस्ट्री ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर भारत सरकार निखिल गजराज ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद गौतमबुद्ध नगर में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत और बिंदुवार समीक्षा की।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने विशेष रोल प्रेक्षक को अब तक किए गए कार्यों का संपूर्ण विवरण प्रस्तुत किया। जिसमें मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन, मैपिंग, प्रपत्र-06 एवं प्रपत्र-08 पर हो रही कार्रवाई तथा एसआईआर से संबंधित लंबित और पूर्ण कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष निगरानी प्रणाली लागू की गई है, जिससे कार्य में गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित हो रही हैं।
जानकारी प्रप्त करने के बाद विशेष रोल प्रेक्षक ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक सुझाव भी प्रदान किए तथा अधिकारियों को बताया कि मतदाता सूची में शुद्धता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य केवल एक प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने का महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए प्रत्येक प्रविष्टि अत्यंत सावधानी और तथ्यात्मकता के साथ की जाए। समीक्षा बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
