'बॉर्डर 2' से 'बैटल ऑफ गलवान' तक, 2026 में होगा सिनेमाई धमाका, ये फिल्में होंगी रिलीज
मुंबई। साल 2025 में एक से बढ़कर एक फिल्मों का जादू सिनेमाघरों में देखने को मिला। 'धुरंधर', 'छावा' और 'सैयारा' जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने में सफल रहीं। साल 2026 इस मामले में पहले से ही कमर कस चुका है। सिनेमा प्रेमियों के लिए यह शानदार साल होने वाला है। बॉलीवुड के साथ ही साउथ इंडस्ट्री की कई मोस्ट अवेटेड फिल्में रिलीज होने को तैयार हैं। इस लिस्ट में शाहरुख, सलमान समेत कई बड़े कलाकारों की फिल्म भी शामिल हैं। ये फिल्में एक्शन, ड्रामा, मिथोलॉजी, हॉरर-कॉमेडी और वॉर जॉनर को कवर करती हैं।
'बॉर्डर 2' साल 1997 की क्लासिक बॉर्डर का सीक्वल है। अनुराग सिंह के निर्देशन में सनी देओल फिर से लीड रोल में हैं। साथ में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी हैं। यह 1971 की जंग पर आधारित वॉर फिल्म है। फिल्म साल 2026 में रिलीज होगी। फरवरी में रानी मुखर्जी की 'मर्दानी 3' रिलीज होगी। अभिराज मिनावाला निर्देशित इस क्राइम थ्रिलर में रानी फिर से शिवानी शिवाजी रॉय का रोल निभाएंगी। यह फ्रैंचाइजी का सबसे डार्क चैप्टर बताया जा रहा है। मार्च में कई बड़े क्लैश होंगे। रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' और यश, कियारा आडवाणी की 'टॉक्सिक' ईद पर टकराएंगी। मार्च में क्लैश देखने को मिलेगा। हाई ऑक्टेन एक्शन फिल्म का फर्स्ट लुक हाल ही में सामने आया है। अप्रैल में सलमान खान की 'बैटल ऑफ गलवान' आएगी।
अपूर्व लखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 2020 के गलवान घाटी संघर्ष पर आधारित है, जिसमें सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह भी हैं। जून में राजनीकांत की 'जेलर 2' रिलीज होगी। नेल्सन दिलीप कुमार निर्देशित इस एक्शन-कॉमेडी में विजय सेतुपति और मोहनलाल जैसे स्टार्स भी हैं। अगस्त में संजय लीला भंसाली निर्देशित 'लव एंड वॉर' भी रिलीज होगी। अभिनेता रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, विक्की कौशल की फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज को तैयार है। साल 2026 शाहरुख खान के फैंस के लिए भी खास है। अभिनेता की फिल्म 'किंग' रिलीज होगी।
खास बात है कि फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। 'द राजा साब' के साथ ही प्रभास की एक अन्य मूवी 'स्पिरिट' भी रिलीज होगी। प्रभास की फिल्म का निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा कर रहे हैं। राजकुमार संतोषी की फिल्म 'लाहौर 1947' भी साल 2026 में ही रिलीज होगी। दर्शक एक बार फिर से सनी देओल और प्रीति जिंटा को साथ में देख सकेंगे। नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' भी 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश समेत कई स्टार्स अहम भूमिकाओं में हैं। हालांकि, निर्माताओं ने फिल्म रिलीज डेट की पुष्टि नहीं की है।
